नई दिल्ली | सावन के पवित्र महीने में राजधानी से होकर गुजरने वाले लाखों शिवभक्त कांवड़ियों के स्वागत और उनकी सुविधाओं को लेकर दिल्ली सरकार ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं. शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए. CM रेखा गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था का पर्व होने के साथ ही सेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिल्ली में प्रवेश करने वाला हर कांवड़िया सुरक्षित माहौल, सम्मानजनक व्यवहार और बेहतर सुविधाओं का अनुभव करे. इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है.
आकर्षक स्वागत द्वार
सरकार के अनुसार, राजधानी के प्रमुख प्रवेश मार्गों और कांवड़ यात्रा रूट पर आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जाएंगे. श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया जाएगा. मुख्यमंत्री स्वयं भी विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर शिवभक्तों का अभिनंदन करेंगी. इस बार कांवड़ समितियों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है. इसके जरिए शिविरों से जुड़ी सभी जरूरी अनुमतियां और अन्य औपचारिकताएं एक ही मंच पर पूरी की जा सकेंगी. इससे समितियों को अलग- अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और व्यवस्था अधिक सुगम होगी.
बिजली आपूर्ति
शिविरों में 24 घंटे सफाई व्यवस्था बनाए रखने, पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती और उच्च गुणवत्ता वाले मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. इनके नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियों को सौंपी जाएगी. स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं. कांवड़ रूट और शिविरों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की अलग- अलग शिफ्टों में तैनाती, प्राथमिक उपचार की सुविधा, एंबुलेंस, स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी.