नई दिल्ली | पश्चिमी दिल्ली में जल आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए दिल्ली जल बोर्ड (DJB) 1100 मिमी व्यास की नई पाइपलाइन का इंटरकनेक्शन कार्य करेगा. इसके चलते 29 जुलाई को सुबह 10 बजे से 30 जुलाई को सुबह 2 बजे तक करीब 16 घंटे कई इलाकों में कम दबाव से पानी की सप्लाई होगी. दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, नई मेन पाइपलाइन का इंटरकनेक्शन ख्याला बूस्टर पंपिंग स्टेशन (BPS) परिसर, ख्याला बीपीएस के मुख्य गेट और रिंग रोड पर शिवाजी कॉलेज के पास दो स्थानों पर किया जाएगा.

इस दौरान राजा गार्डन, रमेश नगर, ख्याला, रानी बाग, मोती नगर, शारदा पुरी, टैगोर गार्डन, तिहाड़ गांव, तिलक नगर, वरुण निकेतन, राजौरी गार्डन, करमपुरा, सरस्वती गार्डन, हरि नगर, मानसरोवर गार्डन, विष्णु गार्डन, सुभाष नगर, उत्तम नगर के कुछ हिस्सों, मोहन गार्डन के कुछ हिस्सों, गणेश नगर, कृष्णा पुरी, जे.जे. कॉलोनी ख्याला, रवि नगर, चंद नगर और आसपास के इलाकों के लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है.
करें ये काम
दिल्ली जल बोर्ड ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे पहले से ही अपनी जरूरत के अनुसार पर्याप्त पानी का भंडारण कर लें, ताकि जल आपूर्ति प्रभावित होने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो. इस जरूरी तकनीकी कार्य के कारण प्रभावित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सामान्य से कम रहेगी. यदि किसी क्षेत्र में पानी की अधिक आवश्यकता होती है तो दिल्ली जल बोर्ड की ओर से मांग पर पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए जाएंगे.
हेल्पलाइन जारी
इसके लिए केंद्रीय कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 1916, 23527679, 23538495 और 23634469 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा पंजाबी बाग कार्यालय 25223658, शिवाजी एनक्लेव 25193140, 25174140 और पश्चिम विहार 25281197 पर भी टैंकर की सुविधा के लिए संपर्क किया जा सकता है.