नई दिल्ली | कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया है. पुरानी दिल्ली और शामली के बीच चलने वाली 64033/ 64034 नंबर की एमईएमयू ट्रेन का विस्तार अब हरिद्वार तक कर दिया गया है. इससे दिल्ली- NCR के यात्रियों को फायदा मिलेगा बल्कि शामली से आगे के स्टेशनों तक सफर करने वाले लोगों के लिए भी यह सुविधाजनक साबित होगा.

ट्रेन नंबर 64033 की बात करें तो यह 29 जुलाई से 13 अगस्त तक हरिद्वार के लिए चलाई जाएगी. यह पुरानी दिल्ली से शाम 4.25 बजे रवाना होकर शाम 7 बजे शामली पहुंचेगी. इसके बाद, शामली से शाम 7.05 बजे आगे के लिए निकलेगी और रात 11 बजे हरिद्वार पहुंचेगी.
देखें टाइमिंग
वापसी की यात्रा के लिए ट्रेन नंबर 64034, 30 जुलाई से 14 अगस्त तक हरिद्वार से सुबह 4 बजे रवाना होगी और सुबह 6.55 बजे शामली स्टेशन पहुंचेगी. शामली से यह सुबह सात बजे आगे बढ़ेगी और पूर्वाह्न 10.10 बजे पुरानी दिल्ली पहुंच जाएगी. शामली से हरिद्वार के बीच के सफर में यह ट्रेन कई छोटे- बड़े स्टेशनों पर रुकेगी. इनमें सिलावर, हिंद, उस्मानपुर देहात हाल्ट, हरहर फतेहपुर, थाना भवन टाउन, थाना भवन, ननौता, सोना अर्जुनपुर, रामपुरमानी हरन, भनकाला हाल्ट, जंधेरा हाल्ट, मनानी, तपरी, रुड़की और ज्वालापुर जैसे स्टेशन शामिल हैं.
यात्रियों का बचेगा समय
रेलवे द्वारा यह फैसला खासतौर पर कांवड़ यात्रा के मद्देनजर लिया गया है, ताकि हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को ट्रेन की उपलब्धता को लेकर किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े. इस विस्तार से एक ही ट्रेन के जरिए दिल्ली से सीधे हरिद्वार तक की यात्रा संभव हो सकेगी जिससे यात्रियों का समय भी बचेगा और अतिरिक्त कनेक्टिंग ट्रेन की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.