नई दिल्ली | सालाना कांवड़ यात्रा को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं. कांवड़ियों की आवाजाही में किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए शहर के तमाम अहम स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. जरूरत पड़ने पर वे अपने क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर भी दूसरी टीमों के साथ तालमेल बिठाते हुए श्रद्धालुओं की किसी भी परेशानी को तुरंत दूर करें. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शहर के उत्तर, उत्तर- पूर्व, पूर्व, मध्य, बाहरी उत्तर, बाहरी, रोहिणी, द्वारका, पश्चिम, दक्षिण- पश्चिम और दक्षिण समेत कई पुलिस जिलों में खासतौर पर व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की गई है.

इन्हीं इलाकों से होकर पड़ोसी राज्यों के कांवड़िए दिल्ली में दाखिल होते हैं. प्रमुख जगहों पर अतिरिक्त पुलिसबल के साथ- साथ क्विक रिस्पॉन्स टीमें, पीसीआर वैन और पिकेट्स भी तैनात की गई हैं. कांवड़ मार्गों पर जगह- जगह कैंप भी लगाए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके.
7 एंट्री पॉइंट
समाचार एजेंसी से बातचीत में एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर- पूर्व दिल्ली में 7 मुख्य एंट्री पॉइंट हैं जहां से कांवड़िए शहर में एंट्री लेते हैं. चूंकि, ये रास्ते कई अन्य जिलों से भी आपस में जुड़े हुए हैं इसलिए सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिहाज से इन जगहों को बेहद अहम माना जा रहा है और यहां पर्याप्त फोर्स तैनात कर दी गई है. अधिकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस ने पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ भी समन्वय बैठकें की हैं जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा बिना किसी रुकावट के पूरी हो सके और इमरजेंसी की स्थिति में फौरन एक्शन लिया जा सके.
पुलिसकर्मी तैनात
ट्रैफिक मैनेजमेंट के तहत मुख्य चौराहों और डायवर्जन पॉइंट्स पर भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, और वाहन चालकों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने के साथ ही जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है. बुधवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अफसरों ने शाहदरा जिले में गाजियाबाद के टेल्को प्वाइंट और चिंतामणि चौक जाकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया. साथ ही, राजधानी के सभी फायर स्टेशनों को भी यात्रा के दौरान किसी भी आपात हालात से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है.