डाक विभाग का बड़ा फैसला, राखी और जरूरी दस्तावेज भेजना हुआ पहले से आसान

नई दिल्ली | रक्षाबंधन से पहले भाई- बहनों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. अब स्पीड पोस्ट के जरिए राखी भेजना पहले के मुकाबले आसान और तेज होने जा रहा है. दिल्ली समेत 6 बड़े महानगरों में 24 घंटे और 48 घंटे की एक्सप्रेस स्पीड पोस्ट सेवा भी शुरू कर दी गई है, जिससे त्योहार के दौरान राखी और जरूरी दस्तावेज पहले से कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे. इसके अलावा, भारतीय डाक विभाग ने 1 अगस्त 2026 से लागू होने वाले नए नियमों के तहत 500 ग्राम तक के गैर- व्यावसायिक राखी लिफाफों और छोटे पैकेट को अब ‘डॉक्यूमेंट’ श्रेणी में शामिल कर दिया है.

Raksha Bandhan Rakhi

डाक विभाग ने स्पीड पोस्ट में डॉक्यूमेंट और पार्सल की श्रेणियों को अलग- अलग बांट दिया है. नए नियम के अनुसार, 500 ग्राम तक के गैर- व्यावसायिक राखी लिफाफे, छोटे पैकेट और ग्रीटिंग कार्ड को डॉक्यूमेंट माना जाएगा, जिससे ग्राहकों को अपनी डाक की सही श्रेणी तय करने में आसानी होगी.

डॉक्यूमेंट का दर्जा

राखी के अलावा पैन कार्ड, आधार या यूआईडीएआई से जारी पहचान पत्र, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, बैंक पासबुक, चेकबुक, बैंक स्टेटमेंट, क्रेडिट- डेबिट कार्ड और बीमा से जुड़े दस्तावेजों को भी अब डॉक्यूमेंट का दर्जा दिया गया है. वहीं अगर राखी के साथ कपड़े, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान, गिफ्ट आइटम या कोई अन्य वस्तु भेजी जाती है, तो उसे पार्सल श्रेणी में रखा जाएगा.

रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने 24 स्पीड पोस्ट और 48 स्पीड पोस्ट सेवाएं भी शुरू की हैं, जिनमें 24 घंटे और 48 घंटे के भीतर डिलीवरी का लक्ष्य रखा गया है. फिलहाल, यह सुविधा दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में शुरू की गई है.

इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप भी इस रक्षाबंधन पर स्पीड पोस्ट से राखी भेजने की योजना बना रहे हैं, तो डाकघर जाने से पहले राखी का वजन जरूर जांच लें. सिर्फ राखी, ग्रीटिंग कार्ड या जरूरी दस्तावेज होने पर वह डॉक्यूमेंट श्रेणी में आएगा, जबकि साथ में कोई गिफ्ट या अन्य सामान होने पर उसे पार्सल माना जाएगा. नई दरों की पूरी जानकारी डाकघर से लेकर ही बुकिंग कराना बेहतर रहेगा, ध्यान रहे कि सभी शुल्कों पर अलग से जीएसटी भी लागू होगा.

देखें रेट

सेवा/वजन शुल्क
लोकल स्पीड पोस्ट (50 ग्राम तक) ₹38 प्रति आर्टिकल
पैन इंडिया स्पीड पोस्ट (50 ग्राम तक) ₹94 प्रति आर्टिकल
51 ग्राम से 250 ग्राम ₹118 से ₹154 प्रति आर्टिकल
251 ग्राम से 500 ग्राम ₹140 से ₹186 प्रति आर्टिकल
48 Speed Post ₹61 से ₹121 प्रति आर्टिकल
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.