सिरसा | हरियाणा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पठन-पाठन और डिजिटल ज्ञान संसाधनों को मजबूत बनाने के लिए अटल लाइब्रेरी परियोजना का तेजी से विस्तार कर रही है. प्रथम चरण के तहत प्रदेश के 22 जिलों में 996 अटल लाइब्रेरी स्थापित की जा चुकी हैं. इनमें 983 पुस्तकालयों तक पुस्तकों की आपूर्ति पूरी हो गई है, जबकि सभी लाइब्रेरी में फर्नीचर उपलब्ध करा दिया गया है. इस परियोजना का उद्देश्य विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और ग्रामीण नागरिकों को गांव स्तर पर गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना है.

विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश की 6,227 ग्राम पंचायतों के मुकाबले पहले चरण में 996 अटल लाइब्रेरी स्थापित करने का लक्ष्य तय किया गया था.
करनाल पहले स्थान पर
अटल लाइब्रेरी स्थापित करने में करनाल 121 पुस्तकालयों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है. वहीं, सिरसा 97 लाइब्रेरी के साथ दूसरे स्थान पर है. इसके अलावा रेवाड़ी में 76, जींद में 73, चरखी दादरी में 67, हिसार में 64 और फतेहाबाद में 62 अटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं. दूसरी ओर पंचकूला, फरीदाबाद, झज्जर, नूंह और यमुनानगर जैसे जिलों में इनकी संख्या अपेक्षाकृत कम है.
सिरसा जिले में कुल 339 ग्राम पंचायतों के लिए प्रथम चरण में 97 अटल लाइब्रेरी बनाई गई हैं. विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक, सभी 97 पुस्तकालयों में पुस्तकें और फर्नीचर उपलब्ध हैं. उनका नियमित संचालन भी किया जा रहा है. इन पुस्तकालयों के जरिए ग्रामीण युवाओं को गांव में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शांत माहौल, उपयोगी अध्ययन सामग्री और बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं.
दायरा और बढ़ाने की योजना
अटल लाइब्रेरी परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा. विद्यार्थियों और युवाओं को शहरों पर निर्भर हुए बिना अपने गांव में ही बेहतर अध्ययन का अवसर मिलेगा. आने वाले समय में इस परियोजना का दायरा और बढ़ाने की भी योजना है, ताकि अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों तक पुस्तकालयों की सुविधा पहुंचाई जा सके.