फरीदाबाद में ट्रैफिक जाम की बड़ी समस्या होगी दूर, NHAI ने लिया नया फैसला

फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाले जाम से जल्द ही निजात मिलने की उम्मीद है. गुरुग्राम नहर के पास बनाए गए मौजूदा कट को बंद करके इसे थोड़ा आगे शिफ्ट किया जाएगा. नया कट बनने के बाद बल्लभगढ़ आने वाले वाहन सर्विस लेन के बजाय सीधे आ सकेंगे, जबकि गुरुग्राम नहर किनारे वाले मार्ग पर जाने के लिए वाहनों को सर्विस लेन से होकर गुजरना होगा.

Delhi Traffic Police

बरसात के मौसम में अक्सर सेक्टर-4 के पास जलभराव होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक जाम की समस्या खड़ी हो जाती है. इसी जलभराव की समस्या को देखते हुए एफएमडीए ने एनसीबी के पास से लेकर गुरुग्राम नहर तक पाइपलाइन बिछाई है.

फरीदाबाद में ट्रैफिक जाम

इस पाइपलाइन के जरिए पानी को नहर तक पहुंचाने के लिए एक बूस्टर तैयार किया गया है, जिस पर पंप लगाया गया है. पंप को चलाने के लिए एनएचएआई की तरफ से जनरेटर की व्यवस्था की गई है. इसी काम के चलते फ्लाईओवर से पहले गुरुग्राम नहर के पास कुछ दिनों के लिए एक अस्थायी कट बनाया गया है. इसी कट से फरीदाबाद से बल्लभगढ़ आने वाले वाहन और गुरुग्राम नहर के रास्ते दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले वाहन निकल रहे हैं. गुरुग्राम नहर के रास्ते जाने वाले वाहनों की वजह से बल्लभगढ़ में फरीदाबाद से पलवल की ओर जाने वाली राजमार्ग की सर्विस लेन पर लंबा जाम लग रहा है. उमस भरी गर्मी में लोग आधे से पौन घंटे तक इस जाम से बाहर नहीं निकल पा रहे.

लोग हैं परेशान

इस समस्या का स्थायी हल निकालने के लिए अब प्रशासन और NHAI मिलकर काम कर रहे हैं. राजमार्ग पर मौजूदा कट को थोड़ा आगे बनाया जाएगा. स्थानीय निवासी विजय विरमानी का कहना है कि गुरुग्राम नहर वाले मार्ग और राजमार्ग से आने वाले वाहनों की तादाद काफी बढ़ जाती है, जबकि बल्लभगढ़ में राजमार्ग की सर्विस लेन सिर्फ डबल लेन ही है, जिस वजह से सोहना चौक पर लगातार लंबा जाम लगता है और प्रशासन को इसका समाधान निकालना चाहिए.

कुलदीप बंसी मेहता के मुताबिक राजमार्ग पर गुरुग्राम नहर से लेकर मेट्रो स्टेशन तक लंबा जाम लगा रहता है, उमस भरी गर्मी में लोगों को निकलने में आधे से एक घंटे तक का वक्त लग जाता है, जिससे प्रदूषण भी बढ़ता है, हालांकि ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था संभालने में खासी मशक्कत करनी पड़ती है और यह दिक्कत हर साल बरसात के मौसम में और बढ़ जाती है.

राजमार्ग पर लगने वाले जाम का अब स्थायी समाधान निकाला जा रहा है. कट को कुछ आगे बल्लभगढ़ की तरफ शिफ्ट किया जाएगा, जिससे बल्लभगढ़ आने वाले वाहन इसी कट से होकर निकलेंगे, जबकि जिन वाहनों को गुरुग्राम नहर से दिल्ली -मुंबई एक्सप्रेसवे पर जाना है, वे सीधे सर्विस लेन से होकर गुजरेंगे. इस तरह ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा- मयंक भारद्वाज, SDM, बल्लभगढ़

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.