नई दिल्ली, Viral Video | किसी भी शहर की पहचान सिर्फ ऊंची इमारतों, चौड़ी सड़कों और लग्जरी लाइफस्टाइल से नहीं होती. वहां की सार्वजनिक सुविधाएं भी उस शहर की व्यवस्था और सोच को बयां करती हैं. इन दिनों दुबई के एक पब्लिक वॉशरूम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. वीडियो में दिखाई गई सफाई और रखरखाव देखकर यूजर्स भी हैरान हैं. दुबई में रहने वाली एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @ifha_familyindubai पर यह वीडियो शेयर किया.

उन्होंने बताया कि यह किसी फाइव स्टार होटल या बड़े मॉल का वॉशरूम नहीं, बल्कि एक कम्युनिटी पार्क के पास बना सामान्य सार्वजनिक वॉशरूम है. वीडियो में फर्श पूरी तरह साफ नजर आता है. वॉशबेसिन, नल और अन्य फिटिंग्स भी अच्छी तरह व्यवस्थित दिखाई देती हैं.
देखें Video
महिला ने बताया कि इस इलाके में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते- जाते हैं. आसपास रिहायशी क्षेत्र होने के साथ निर्माण कार्य भी चल रहा है. इसके बावजूद, वॉशरूम की सफाई और रखरखाव देखकर उन्हें काफी आश्चर्य हुआ. उन्होंने कहा कि इतनी भीड़ के बावजूद सार्वजनिक शौचालय को इस स्तर पर साफ रखना आसान नहीं होता. वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि यह वॉशरूम कई घरों से भी ज्यादा साफ दिखाई देता है.
View this post on Instagram
उनके अनुसार किसी शहर की खूबसूरती ऊंची इमारतों के साथ इस बात से भी तय होती है कि वहां सार्वजनिक स्थानों की देखभाल किस तरह की जाती है. उन्होंने कहा कि साफ- सुथरी सुविधाएं लोगों के अनुभव को बेहतर बनाती हैं. यह प्रशासन की जिम्मेदारी के साथ बेहतर सिस्टम को भी दर्शाती हैं.
किए गए कमेंट्स
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने दुबई की सफाई व्यवस्था की जमकर तारीफ की. कई यूजर्स ने लिखा कि सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर ऐसी व्यवस्था दूसरे देशों के लिए भी उदाहरण बन सकती है. कुछ लोगों ने कहा कि यूएई के अधिकांश सार्वजनिक स्थानों पर इसी तरह सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है. भारतीय यूजर्स ने भी इस वीडियो पर अपनी राय दी. कई लोगों ने माना कि भारत में भी सार्वजनिक सुविधाओं में लगातार सुधार हो रहा है, लेकिन इसके लिए नागरिकों की जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी है. उनका कहना था कि सिर्फ सरकार ही नहीं, आम लोगों को भी सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने में सहयोग करना चाहिए.