चंडीगढ़ | मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हरियाणा निवास में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकट दिवस, हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर प्रदेशभर में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी. इस दौरान उन्होंने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने 39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया है. इनमें 10 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं, जबकि देश के 13 स्वर्ण पदकों में से 7 गोल्ड हरियाणा के खिलाड़ियों के खाते में आए. इनमें 5 बेटियां शामिल हैं.

CM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने वाली नीतियों और बेहतर सुविधाओं का परिणाम खिलाड़ियों के प्रदर्शन में साफ दिखाई दे रहा है.
उन्होंने बताया कि 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी.
CM ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
इस बार अभियान को वंदे मातरम की भावना से जोड़ा गया है. स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगे और वंदे मातरम के इतिहास पर प्रदर्शनियां लगेंगी. साथ ही निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. 9 अगस्त को महेंद्रगढ़ में वंदे मातरम थीम पर तिरंगा कॉन्सर्ट भी होगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा. हरियाणा का राज्य स्तरीय कार्यक्रम गुरुग्राम में होगा. 13 अगस्त को विभाजन की त्रासदी पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जबकि 14 अगस्त की शाम कैंडल लाइट मौन यात्रा निकाली जाएगी.
LIVE: प्रेस वार्ता (चंडीगढ़) https://t.co/gvVtb07BQ4
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) August 4, 2026
लोगों से की अपील
उन्होंने कहा कि 29 जुलाई 2026 से शुरू हुआ ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ 20 फरवरी 2027 तक चलेगा. इसकी शुरुआत वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से हुई थी. वहां से लाई गई पवित्र मिट्टी से युक्त कलश अब गुरुग्राम पहुंच चुका है. इसके स्वागत में माता शीतला मंदिर परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पंजाब के डेरा सचखंड से वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी. उन्होंने प्रदेशवासियों से इन सभी आयोजनों में बढ़- चढ़कर भाग लेने की अपील की.