नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में 6 से 8 अगस्त तक 10वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटवियर मेले का आयोजन किया जाएगा. भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) की ओर से आयोजित यह तीन दिवसीय बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) मेला फुटवियर उद्योग से जुड़े कारोबारियों, निर्माताओं और खरीदारों के लिए बड़ा मंच साबित होगा. इस बार मेले में चीन और ताइवान समेत कई विदेशी कंपनियां हिस्सा लेंगी. इससे भारतीय फुटवियर उद्योग को नई तकनीकों, आधुनिक मशीनरी और वैश्विक बाजार के नए रुझानों को समझने का अवसर मिलेगा.

मेले का आयोजन भारत मंडपम के हॉल नंबर- 5 (भूतल) और हॉल नंबर- 6 में किया जाएगा. हॉल नंबर- 5 में फुटवियर और उससे जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी, जबकि हॉल नंबर- 6 में आधुनिक मशीनरी और नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा.
उत्पाद प्रदर्शित
इस प्रदर्शनी में फुटवियर, मशीनरी, आधुनिक उपकरण, सिंथेटिक मटेरियल (PVC, PU, EVA), फैब्रिक्स, सोल्स, एडहेसिव्स, केमिकल्स और अन्य संबंधित उत्पादों से जुड़े प्रमुख ब्रांड्स और निर्माता अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे. आयोजकों के अनुसार, मेले में देश- विदेश से 15 हजार से अधिक कारोबारी, खरीदार और उद्योग विशेषज्ञों के पहुंचने की उम्मीद है.
अवसर तलाशने में मदद
इससे व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने में मदद मिलेगी. मेले में प्रवेश के लिए भैरों मार्ग स्थित गेट नंबर- 3 और 4 के अलावा मेट्रो स्टेशन की ओर स्थित गेट नंबर- 10 का उपयोग किया जा सकेगा.