हरियाणा कॉलेज एडमिशन, पहली मेरिट के बाद भी 70 फीसदी तक सीटें खाली; दूसरी लिस्ट का इंतजार

हिसार | हरियाणा के सरकारी, एडेड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष के दाखिले के लिए पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों के लिए फीस जमा कराने का मंगलवार अंतिम दिन रहा. इसके बावजूद हिसार के अधिकांश कॉलेजों में बड़ी संख्या में सीटें खाली हैं. कई संस्थानों में अब तक केवल 25 से 30 प्रतिशत सीटों पर ही दाखिले हो सके हैं.

Job Exam Student Collage 2

सबसे बेहतर स्थिति गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय की रही, जहां 45 प्रतिशत से अधिक सीटें भर चुकी हैं. दयानंद कॉलेज, फतेहचंद कॉलेज, जाट कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय, ओडीएम और इंपीरियल कॉलेज में अभी भी करीब 70 प्रतिशत सीटें रिक्त हैं.

हरियाणा कॉलेज एडमिशन

बड़ी संख्या में विद्यार्थी दूसरी मेरिट सूची का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उन्हें अपनी पसंद का कॉलेज और मनचाहा विषय मिल सके. इसी कारण पहली सूची में चयनित कई छात्रों ने अभी प्रवेश नहीं लिया. संशोधित प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार, 4 अगस्त को शाम 5 बजे प्रोविजनल दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी जबकि शाम 6 बजे अंतिम दूसरी मेरिट सूची प्रदर्शित होगी. दूसरी मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थी 4 से 7 अगस्त शाम 5 बजे तक फीस जमा कर दाखिला ले सकेंगे.

फिजिकल काउंसलिंग आयोजित

यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो 8 अगस्त को फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी. वहीं 9 अगस्त को ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल दोबारा खोला जाएगा, जिससे नए अभ्यर्थी पंजीकरण करने के साथ अपने आवेदन पत्र में संशोधन भी कर सकेंगे. फिजिकल काउंसलिंग के तहत 10 से 16 अगस्त तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ प्रवेश दिए जाएंगे. इसके बाद, 17 से 23 अगस्त तक भी दाखिले जारी रहेंगे, लेकिन इस अवधि में 100 रुपये विलंब शुल्क के अलावा प्रतिदिन 100 रुपये अतिरिक्त लेट फीस देनी होगी.

कॉलेजों के आंकड़ों के अनुसार, दयानंद कॉलेज में करीब 2000 सीटों के मुकाबले अब तक केवल 434 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है. फतेहचंद कॉलेज में बीए की 128 और बीकॉम की 31 सीटें ही भर पाई हैं, जबकि जाट कॉलेज में विभिन्न पाठ्यक्रमों में अब तक 276 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.