दुनिया का सबसे खूबसूरत गांव, खूबसूरती देखने पहुंच रहे पर्यटक; पढ़ें

नई दिल्ली | दुनिया का सबसे खूबसूरत गांव कहलाने वाला इंग्लैंड का बिबरी (Bibury) इन दिनों अपनी सुंदरता के साथ- साथ पर्यटकों की भीड़ और पार्किंग विवाद को लेकर चर्चा में है. फोर्ब्स मैगजीन से ‘दुनिया का सबसे खूबसूरत गांव’ का दर्जा मिलने के बाद यहां हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं. हालात ऐसे हो गए हैं कि स्थानीय लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है. सिर्फ 2025 में गलत पार्किंग के 651 चालान काटे गए, जिनसे प्रशासन ने करीब 45,570 पाउंड (लगभग 58 लाख रुपये) का जुर्माना वसूला.

Village Gaon Sadak Road

इंग्लैंड के कॉट्सवोल्ड्स क्षेत्र में बसे बिबरी गांव की आबादी सिर्फ 627 है. 17वीं सदी के ऐतिहासिक कॉटेज, शांत नदी और प्राकृतिक सुंदरता इसे दुनिया भर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाते हैं.

दुनिया का सबसे खूबसूरत गांव

कभी कवि विलियम मॉरिस ने इसे “इंग्लैंड का सबसे सुंदर गांव” बताया था, जबकि जापान के सम्राट हिरोहितो ने इसे एक पवित्र स्थान कहा था. अब यही लोकप्रियता गांव के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. गांव में पार्किंग की जगह बेहद सीमित है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में पर्यटक अपनी गाड़ियां लेकर पहुंचते हैं और जगह न मिलने पर घरों के बाहर, फुटपाथों या नो- पार्किंग जोन में वाहन खड़े कर देते हैं. इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक मामले में चालान को लेकर हुए विवाद के दौरान एक पर्यटक ने स्थानीय निवासी के पैर पर कार तक चढ़ा दी थी.

यह भी पढ़े -  लाल किले पर पहली बार गूंजेंगे 'वंदे मातरम्' के सभी 6 छंद, जानिए क्या है खास तैयारी

अब लगेगा पार्किंग शुल्क

बढ़ती समस्या को देखते हुए ग्लोस्टरशायर काउंटी काउंसिल ने सख्ती बढ़ा दी है. जहां 2019 में पूरे साल सिर्फ 28 चालान काटे गए थे, वहीं 2025 में यह संख्या 651 पहुंच गई. चालान दो सप्ताह के भीतर भरने पर 35 पाउंड और देरी होने पर 70 पाउंड देना पड़ता है. प्रशासन अब मार्च से अक्टूबर तक ‘पे-एंड-डिस्प्ले’ पार्किंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत दो घंटे की पार्किंग के लिए 6 से 7 पाउंड शुल्क लिया जाएगा. अधिकारियों का मानना है कि इससे ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर होगा. हालांकि, स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इससे गांव की शांति भी लौटेगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.