दिल्ली- NCR वालों के लिए जरूरी खबर, 12 KM जाम और DME बंद; अगले 2 दिन इन रास्तों पर बढ़ेगी परेशानी

नई दिल्ली | सप्ताह के पहले कामकाजी दिन सोमवार को दिल्ली- एनसीआर की सड़कों पर ट्रैफिक का बुरा हाल रहा. दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के बीच सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों को सुबह के पीक आवर्स में भीषण जाम का सामना करना पड़ा. दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेसवे और NH- 9 समेत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. हालात ऐसे रहे कि 15 मिनट का सफर तय करने में लोगों को एक घंटे से ज्यादा समय लग गया. दिल्ली से नोएडा की तरफ आने वाले मार्ग पर सबसे ज्यादा परेशानी देखने को मिली.

Vahan Gadi Car

कालिंदी कुंज से नोएडा को जोड़ने वाले रास्ते पर ओखला बैराज के पास सुबह से ही वाहनों का दबाव बढ़ गया. देखते ही देखते सड़क पर लंबी लाइन लग गई और वाहन बंपर- टू- बंपर रेंगते नजर आए. ऑफिस जाने वाले लोगों को इस जाम के कारण काफी देर तक इंतजार करना पड़ा.

लंबी कतार

नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहन चालक भी जाम से परेशान रहे. नोएडा सेक्टर-15A के पास दिल्ली जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. दिल्ली बॉर्डर की तरफ वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण यहां यातायात की रफ्तार काफी धीमी रही. सुबह के समय बड़ी संख्या में ऑफिस जाने वाले लोग इस मार्ग से गुजरते हैं, इसलिए जाम का असर और ज्यादा दिखाई दिया. पूर्वी दिल्ली की तरफ भी ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रही. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) और नेशनल हाईवे-9 (NH-9) पर वाहनों की रफ्तार थमी रही.

यह भी पढ़े -  15 अगस्त से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, 20 हजार जवान; 1000+ CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी

पांडव नगर के आसपास दोनों प्रमुख मार्गों पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. NH-9 पर करीब 12 किलोमीटर लंबा जाम लगने की वजह से लोगों को सामान्य से कई गुना अधिक समय सफर में लगाना पड़ा.

11 अगस्त तक DME पर रोक

कांवड़ यात्रा के चलते दिल्ली- एनसीआर में ट्रैफिक व्यवस्था पहले से प्रभावित है. गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 10 और 11 अगस्त, 2026 को दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर आम ट्रैफिक की आवाजाही पर रोक रहेगी. वहीं, NH- 58/दिल्ली- मेरठ रूट पर कांवड़ यात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए निजी वाहनों से सफर करने के बजाय रैपिड मेट्रो (RRTS) और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. जहां संभव हो, NH-09 का इस्तेमाल करें. कांवड़ यात्रा और पीक आवर्स के चलते अगले कुछ दिनों में भी इन मार्गों पर ट्रैफिक दबाव बने रहने की संभावना है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.