नई दिल्ली | स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत 13 अगस्त को दिल्ली में लाल किले पर फुल ड्रेस रिहर्सल होगी. प्रधानमंत्री 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे. रिहर्सल को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने लाल किले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया है. दिल्ली पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को सुबह 4 बजे से 10 बजे तक लाल किले के आसपास कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. इन रास्तों पर सिर्फ अधिकृत और लेबल वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी. ऐसे में लोगों को इन मार्गों से बचने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.

इस दौरान नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निषाद राज मार्ग और एस्प्लेनेड रोड समेत कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेगा. राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड पर भी सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा.
ये रास्ते खुले रहेंगे
दक्षिण दिल्ली से उत्तर दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे. इसके अलावा कनाट प्लेस, मिंटो रोड, भवभूति मार्ग, अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्ग और एसपी मुखर्जी मार्ग से भी आवाजाही की जा सकेगी. यमुना पार करने वाले वाहन निजामुद्दीन ब्रिज, पुश्ता रोड, जीटी रोड और युधिष्ठिर सेतु का इस्तेमाल कर सकते हैं. डीएनडी, एनएच- 24 (एनएच- 9), युधिष्ठिर सेतु, सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद ब्रिज से रिंग रोड तक पहुंचने वाले मार्ग खुले रहेंगे.
बसों पर भी असर
12 अगस्त की रात 12 बजे से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा से वजीराबाद ब्रिज के बीच मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. इसी दौरान महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच अंतरराज्यीय बसों की आवाजाही भी बंद रहेगी. डीटीसी समेत स्थानीय सिटी बसें भी रिंग रोड के आईएसबीटी कश्मीरी गेट से निजामुद्दीन खट्टा वाले हिस्से पर नहीं चलेंगी.
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, लाल किला और जामा मस्जिद की ओर जाने वाली कई बसों के रूट कम किए जाएंगे या उन्हें वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट किया जाएगा. बस सेवाएं 13 अगस्त सुबह 11 बजे के बाद सामान्य होने की उम्मीद है.
जाने वालों के लिए ये रास्ते
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को मोरी गेट, पुल डफरिन और एसपी मुखर्जी मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए विकास मार्ग, डीडीयू मार्ग, भवभूति मार्ग, रानी झांसी रोड, डीबीजी रोड, चेम्सफोर्ड रोड और कनाट प्लेस से होकर जाने वाले रास्ते उपलब्ध रहेंगे. आईएसबीटी कश्मीरी गेट जाने के लिए रानी झांसी रोड, रानी झांसी फ्लाईओवर और बुलेवार्ड रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है.
एडवाइजरी जारी
एलएनजेपी अस्पताल जाने वाले लोगों पर कोई विशेष प्रतिबंध नहीं रहेगा. वहीं, कस्तूरबा अस्पताल जाने के लिए अजमेरी गेट, अजमेरी बाजार, हौज काजी, चावड़ी बाजार और उर्दू बाजार के रास्ते का इस्तेमाल किया जा सकेगा. दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 13 अगस्त को घर से निकलने से पहले यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखें और प्रतिबंधित मार्गों से बचते हुए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.