नई दिल्ली | स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है और लाल किले पर होने वाले समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए सुरक्षा से जुड़े दिशा- निर्देश जारी किए गए हैं. 15 अगस्त को लाल किले पर आयोजित समारोह में शामिल होने वालों को प्रवेश से पहले कड़ी सुरक्षा जांच से गुजरना होगा.

ऐसे में यदि आप समारोह में जाने की तैयारी कर रहे हैं तो प्रतिबंधित सामान साथ ले जाने से बचें, वरना प्रवेश नहीं मिलेगा लाल किले के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन और कई मार्गों पर पाबंदियां भी रहेंगी. ऐसे में निजी वाहन की जगह मेट्रो से पहुंचना सुविधाजनक विकल्प हो सकता है.
इन नियमों का रखें ध्यान
- समारोह में प्रवेश केवल निमंत्रण कार्ड के माध्यम से मिलेगा.
- सुरक्षा जांच के दौरान आधार कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसे मूल पहचान पत्र दिखाना जरूरी होगा.
- बड़े बैग, ब्रीफकेस और खाने-पीने की चीजें साथ लेकर न जाएं.
- सुरक्षा जांच में समय लग सकता है, इसलिए घर से निर्धारित समय से पहले निकलें.
- निजी वाहन से जाने पर ट्रैफिक डायवर्जन और पाबंदियों का ध्यान रखें.
- कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तुरंत सुरक्षाकर्मी को सूचना दें.
नहीं मिलेगी एंट्री
- खाने- पीने की चीजें, केचप और सॉस
- थैला, ब्रीफकेस और रिमोट नियंत्रित कार लॉक चाबियां
- कैमरा, दूरबीन और हैंडीकैम
- रेडियो, ट्रांजिस्टर, टेप रिकॉर्डर और पेजर
- थर्मस, पानी की बोतल, कैन और छाता
- पटाखे, बारूद, फ्लेयर्स और अन्य विस्फोटक
- डिजिटल डायरी, पाम- टॉप कंप्यूटर, लैपटॉप, डीवीडी/ सीडी प्लेयर, डीवीडी/ सीडी, आईपैड, आईपॉड, टैबलेट और पेनड्राइव
- सिगरेट, बीड़ी और लाइटर
- ज्वलनशील पदार्थ, माचिस, शराब, एरोसोल, जेल, पेस्ट, इत्र और स्प्रे
- हथौड़ा, ड्रिल, आरी, तलवार, कटार और पेचकस
- मोबाइल चार्जर, ईयरफोन, पावर बैंक और बैटरी
- रेजर, ब्लेड, चाकू, कैंची, तार और अन्य नुकीली वस्तुएं
- खिलौना बंदूक
- केमिकल और अन्य खतरनाक सामान
पहले घर से निकलें
लाल किले के आसपास सुरक्षा जांच और ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण सामान्य दिनों की तुलना में यात्रा में अधिक समय लग सकता है. इसलिए समारोह में जाने वाले लोग समय का विशेष ध्यान रखें. निजी वाहन से जाने की स्थिति में रूट डायवर्जन की वजह से परेशानी हो सकती है, इसलिए मेट्रो का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प रहेगा.