कुरुक्षेत्र | माचिस की डिब्बियों को एक- दूसरे के ऊपर रखकर कोई आकृति बनाना या उन्हें तय क्रम में लगाकर पैटर्न समझना बच्चों के लिए सिर्फ खेल नहीं होगा. अब इसी तरह की रोचक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थी कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बारीकियां सीखेंगे. सीबीएसई शैक्षणिक सत्र 2026- 27 में विद्यार्थियों को एआई के साथ तार्किक ढंग से सोचने और जटिल समस्याओं का समाधान खोजने के लिए तैयार करने की दिशा में नई पहल कर रहा है. कक्षा 6 और उससे ऊपर के विद्यार्थियों के लिए एकलव्य- सीटी, एआई एंड स्टेम नाम से ऑनलाइन सीरीज शुरू की जा रही है.

इसका पहला लाइव एपिसोड 15 अगस्त को शाम चार बजे प्रसारित होगा. सीबीएसई और आईआईटी गांधीनगर के सेंटर फार क्रिएटिव लर्निंग के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस सीरीज में कुल आठ लाइव एपिसोड होंगे. सभी एपिसोड हिंदी में होंगे और बाद में अंग्रेजी सबटाइटल के साथ उपलब्ध करवाए जाएंगे.
समझेंगे कम्प्यूटेशनल थिंकिंग
पहले एपिसोड का विषय कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एंड एआई विद मैच बाक्स रखा गया है. इसमें माचिस की डिब्बियों और अलग- अलग गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को बताया जाएगा कि किसी बड़ी समस्या को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर उसका समाधान चरणबद्ध तरीके से कैसे निकाला जा सकता है. माचिस की डिब्बियों को निर्धारित पैटर्न में लगाने या उनसे अलग- अलग आकृतियां तैयार करने जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को क्रम, पैटर्न पहचानने और समस्या को सरल हिस्सों में बांटने की प्रक्रिया समझाई जाएगी. इससे विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और तार्किक सोच विकसित करने पर जोर रहेगा.
शिक्षक भी ले सकेंगे हिस्सा
इस ऑनलाइन सीरीज में सीबीएसई स्कूलों के कक्षा छह और उससे ऊपर के विद्यार्थी और शिक्षक हिस्सा ले सकेंगे. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होगा और इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. सीबीएसई स्कूलों के शिक्षकों के लिए निर्धारित शर्तें पूरी करने पर प्रत्येक एपिसोड तीन सीपीडी ट्रेनिंग आवर्स के बराबर माना जाएगा.
जिला नोडल अधिकारी, सीबीएसई रीटा गोयल ने बताया कि बच्चों में सही सवाल पूछने, समस्या को छोटे हिस्सों में बांटने, तार्किक तरीके से सोचने और समाधान तक पहुंचने की क्षमता विकसित होगा. उन्होंने बताया कि जिले में करीब 120 सीबीएसई स्कूल हैं और इन सभी स्कूलों के विद्यार्थी व शिक्षक ऑनलाइन सीरीज में भाग ले सकते हैं.