हिसार में 15 अगस्त पर नवीन जिंदल करेंगे ध्वजारोहण, सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती

हिसार | स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस बार हिसार में सांसद नवीन जिंदल तिरंगा फहराएंगे. अपने गृहक्षेत्र में ध्वजारोहण को लेकर जिंदल काफी उत्साहित हैं. उनका जन्म और शिक्षा दोनों हिसार में ही हुई है. ऐसे में उनके समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. समारोह स्थल पर वीआईपी के लिए राजकीय कॉलेज, राजगढ़ रोड के मुख्य प्रवेश द्वार से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी. वहीं अन्य आमंत्रित अतिथियों, मीडिया कर्मियों और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए पंचायत भवन की तरफ स्थित राजकीय कॉलेज के गेट को प्रवेश के लिए निर्धारित किया गया है.

Naveen Jindal

समारोह स्थल और आसपास के इलाकों में 270 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करेंगे.

सुरक्षा जांच और फ्रिस्किंग

समारोह स्थल के प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग, वीआईपी क्षेत्र, मंच के आसपास और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा. संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जाएगी. समारोह स्थल में प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच और फ्रिस्किंग की जाएगी. पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई करें.

सिविल ड्रेस में भी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सिविल कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी. ये कर्मचारी समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों और भीड़ में कानून- व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर नजर रखेंगे. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं.

समारोह स्थल के आसपास रूट डायवर्जन, पार्किंग और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. आमजन से निर्धारित पार्किंग स्थानों का ही इस्तेमाल करने और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है.

डॉग स्क्वायड करेंगे जांच

समारोह स्थल और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर एंटी-सबोटाज चेकिंग कराई जाएगी. बम डिस्पोजल टीम और डॉग स्क्वायड द्वारा परिसर, पार्किंग और अन्य संवेदनशील जगहों की जांच की जाएगी. पुलिस ने लोगों से किसी भी लावारिस वस्तु को खुद नहीं छूने और तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है. समारोह के दौरान ड्रोन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. आसपास की ऊंची इमारतों और महत्वपूर्ण स्थानों से भी पुलिस निगरानी रखेगी.

 

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.