सिरसा | डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का जन्मदिन 15 अगस्त को मनाया जाता है. उनका जन्म राजस्थान के गंगानगर जिले में 15 अगस्त को हुआ था. डेरा अनुयायी इस दिन को अवतार दिवस के रूप में मनाते हैं. जन्मदिन से एक दिन पहले ही सिरसा समेत हरियाणा और देशभर में रहने वाले अनुयायी पौधारोपण अभियान शुरू कर देते हैं. सुबह से शाम तक ब्लॉक और डेरा स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाता है.

15 अगस्त को डेरे की कमेटी और अनुयायी केक काटने के साथ लोगों की सेवा के लिए लंगर भी लगाते हैं. हालांकि, इस बार डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिरसा स्थित डेरे में मौजूद नहीं होंगे. ऐसे में कमेटी और अनुयायी उनकी गैरमौजूदगी में ही जन्मदिन मनाएंगे.
जेल से चिट्ठी आने का इंतजार
डेरा प्रमुख की ओर से जेल से अक्सर अनुयायियों के नाम संदेश वाली चिट्ठी भेजी जाती है. इस बार भी ऐसी चिट्ठी आने की संभावना जताई जा रही है. शुक्रवार को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकती है. चिट्ठी मिलने के बाद उसके संदेश के अनुसार आगे के कार्यक्रम को लेकर फैसला लिया जाएगा. डेरा कमेटी की ओर से जन्मदिन और पौधारोपण अभियान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. अनुयायियों ने भी सुबह से पौधारोपण करना शुरू कर दिया है. डेरा प्रमुख की गैरमौजूदगी में कमेटी और चेयरपर्सन की देखरेख में अभियान चलाया जाएगा.
2025 में पैरोल पर
पिछले साल 2025 में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को अगस्त में पैरोल मिली थी. उस दौरान उन्होंने अनुयायियों और डेरा कमेटी के साथ पौधारोपण कर अपना जन्मदिन मनाया था. उन्हें 40 दिन की पैरोल मिली थी और जन्मदिन मनाने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच रोहतक की सुनारिया जेल से सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय लाया गया था. उस समय देशभर में अनुयायियों की ओर से पौधारोपण अभियान चलाया गया था. कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी.
मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.