चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने 16 आईएएस और एचसीएस अधिकारियों की नियुक्ति व तबादला सूची जारी की है. इनमें छह आईएएस और 10 एचसीएस अधिकारी शामिल हैं. कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के साथ अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है. 2001 बैच के आईएएस विजय सिंह दहिया को स्कूल शिक्षा विभाग और पशुपालन विभाग के प्रधान सचिव के अलावा नागरिक उड्डयन विभाग के प्रधान सचिव का भी जिम्मा दिया गया है.

इस जिम्मेदारी से जी.अनुपमा को मुक्त किया गया है. वहीं, खेल विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त कार्यभार अमनीत पी. कुमार को दिया गया है. उनके पास पहले से भविष्य विभाग और विदेशी सहयोग विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी है. विजय सिंह दहिया को खेल विभाग के कार्यभार से मुक्त किया गया है.
हरियाणा में प्रशासनिक फेरबदल
2008 बैच के आईएएस राजीव रंजन को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार मिला है. उनके पास कार्मिक, प्रशिक्षण एवं संसदीय कार्य विभाग के सचिव, प्रशिक्षण निदेशक, सतर्कता हरियाणा के जांच अधिकारी और आपूर्ति एवं निपटान महानिदेशक की जिम्मेदारियां भी हैं. 2009 बैच की आईएएस शरणदीप कौर बराड़ को हरियाणा राज्य भंडारण निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. मुनीश शर्मा को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पंचकूला का प्रशासक मुख्यालय और दीपक बाबूलाल करवा को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी का सचिव नियुक्त किया गया है.
अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां
एचसीएस ममता को अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की अतिरिक्त निदेशक प्रशासन और हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है. मीनाक्षी राज को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग और निगरानी एवं समन्वय प्रकोष्ठ की संयुक्त सचिव के साथ समाधान प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें भूमि जोत समेकन एवं भू-अभिलेख विभाग की अतिरिक्त निदेशक भी बनाया गया है.
वीरेंद्र चौधरी को शहरी स्थानीय निकाय विभाग का अतिरिक्त निदेशक, दीपक कुमार को आयुष विभाग का संयुक्त निदेशक प्रशासन और जीतेंद्र जोशी को उच्च शिक्षा विभाग का संयुक्त निदेशक प्रशासन बनाया गया है. दर्शन यादव को मानेसर नगर निगम का संयुक्त आयुक्त और जय प्रकाश को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन का संयुक्त आवासीय आयुक्त लगाया गया है.
देनी होगी रिपोर्ट
गुलजार मलिक को कैथल जिला परिषद और कैथल जिला ग्रामीण विकास एजेंसी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है. नीरज शर्मा को प्राथमिक शिक्षा विभाग का संयुक्त निदेशक प्रशासन और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का सचिव विधिक बनाया गया है. लोकेंद्र को मानेसर नगर निगम का संयुक्त उपमंडल अधिकारी नियुक्त किया गया है. सुरेश रावेश को कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है. उनकी नई तैनाती के आदेश बाद में जारी होंगे. कार्यभार छोड़ने के बाद उन्हें हरियाणा के मुख्य सचिव कार्यालय में योगदान रिपोर्ट देनी होगी.