महेंद्रगढ़ में जल्द दौड़ेंगी 50 रोडवेज बसें, 141 कर्मचारियों की नियुक्ति से खुला रास्ता

महेंद्रगढ़ | हरियाणा रोडवेज सब- डिपो और वर्कशॉप का संचालन महेंद्रगढ़ में जल्द शुरू होने की उम्मीद है. स्थानीय भाजपा विधायक कंवर सिंह यादव के प्रयासों से सब-डिपो को पूरी तरह संचालित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है. परिवहन विभाग ने 50 बसों के संचालन के लिए 66 ड्राइवर और 75 कंडक्टर नियुक्त किए हैं. इन नियुक्तियों की घोषणा शुक्रवार को की गई. रोडवेज सब -डिपो और वर्कशॉप काफी समय पहले बनकर तैयार हो गया था, लेकिन कर्मचारियों की कमी और अन्य व्यवस्थाओं के कारण इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया था.

Haryana Roadways Bus

इसके चलते क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों की ओर से सब-डिपो शुरू करने की मांग को लेकर कई बार प्रदर्शन किए गए और अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपे गए.

बढ़ेगी बसों की संख्या

कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद महेंद्रगढ़ सब-डिपो से बसों का संचालन शुरू किया जाएगा. इससे स्थानीय यात्रियों को राहत मिलेगी. खासकर ग्रामीण और धार्मिक रूटों पर बसों की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है. अब तक ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन के लिए निजी वाहनों या दूसरे डिपो से संचालित होने वाली सीमित बसों पर निर्भर रहना पड़ता था. सब-डिपो शुरू होने के बाद इन क्षेत्रों में परिवहन सुविधा बेहतर होने की संभावना है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा को 23 अगस्त को मिलेगी सौगात, CM सैनी करेंगे नए रेल यार्ड का उद्घाटन

मिल सकेगी परिवहन सुविधा

सब-डिपो के संचालन से देर रात यात्रा करने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलेगा. रात्रि बस सेवा उपलब्ध होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों के लिए आवागमन आसान होगा. इससे क्षेत्र की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. सामाजिक कार्यकर्ता रामनिवास पाटोदा और क्षेत्र के निवासियों ने विधायक कंवर सिंह यादव के प्रयासों की सराहना की है. उन्होंने कहा कि सब-डिपो का संचालन शुरू होना महेंद्रगढ़ की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग को पूरा करेगा. इससे स्थानीय परिवहन व्यवस्था मजबूत होने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.