चंडीगढ़ | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने शनिवार को हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET- 2025) का रिजल्ट घोषित कर दिया. परीक्षा के तीनों लेवल में कुल 31,847 अभ्यर्थी सफल रहे हैं. इस बार कुल रिजल्ट 16.57% रहा, जो पिछले 10 साल में सबसे बेहतर है. इससे पहले 2016 में 22.08% अभ्यर्थी HTET में पास हुए थे. बोर्ड के चेयरमैन शंकर धुप्पड़ के अनुसार, HTET- 2025 के लिए 2.33 लाख स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था.

इनमें 1 लाख 66 हजार 137 लड़कियां शामिल थीं. रजिस्ट्रेशन कराने वाले अभ्यर्थियों में से करीब 1.92 लाख ने परीक्षा दी. HTET-2025 का आयोजन 4 और 5 जुलाई को किया गया था.
लेवल- 1 में सबसे कम सफलता
प्राइमरी टीचर (Level- 1) का रिजल्ट तीनों स्तरों में सबसे कम रहा. इसमें केवल 3.53% अभ्यर्थी ही सफल हुए. कुल 31,402 स्टूडेंट्स ने Level- 1 की परीक्षा दी थी. वहीं, ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (Level- 2) में सफलता प्रतिशत सबसे अधिक 20.71 रहा. इस स्तर की परीक्षा में 99,896 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (Level- 3) में 16.5% अभ्यर्थी सफल रहे और कुल 60,922 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी.
बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन
कुल 31,847 योग्य अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया था. इनमें से 30,883 अभ्यर्थी वेरिफिकेशन के लिए पहुंचे, जबकि 964 अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हुए. बोर्ड के अनुसार, छूटे हुए अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की तारीख जल्द घोषित की जाएगी. बाकी वेरिफिकेशन अब बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा के कैंपस में होगा.
HTET पास करने के बाद क्या?
HTET पास करना शिक्षक की नौकरी की गारंटी नहीं है. यह शिक्षक पद के लिए पात्रता हासिल करने का एक जरूरी चरण है. नियुक्ति के लिए अभ्यर्थी को संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, भर्ती के सेवा नियम और अन्य निर्धारित शर्तें पूरी करनी होंगी. HTET में तीन लेवल होते हैं. Level-1 कक्षा 1 से 5 तक के PRT, Level-2 कक्षा 6 से 8 तक के TGT और Level-3 PGT पदों के लिए होता है. सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को पास होने के लिए 60% यानी 90 अंक, जबकि हरियाणा के SC और फिजिकली चैलेंज्ड अभ्यर्थियों के लिए 55% यानी 82 अंक जरूरी हैं.
परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं है. 20 से अधिक सवालों के जवाब खाली छोड़ने पर अभ्यर्थी को डिसक्वालीफाई किया जा सकता है. इस बार 1,973 अभ्यर्थी डिसक्वालीफाई हुए. HTET सर्टिफिकेट की वैधता अब लाइफटाइम है. एक बार परीक्षा पास करने के बाद दोबारा देना अनिवार्य नहीं है. स्कोर सुधारने के लिए अभ्यर्थी दोबारा परीक्षा दे सकते हैं.
15,659 पद रिक्त
हरियाणा सरकार की ओर से फरवरी 2026 में विधानसभा में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, राज्य के सरकारी स्कूलों में PGT, TGT और PRT के कुल 15,659 पद रिक्त थे. HTET पास अभ्यर्थियों के लिए इन पदों पर होने वाली आगामी भर्तियां रोजगार का महत्वपूर्ण अवसर हो सकती हैं.