चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में 9 नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने और एक मौजूदा उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में अपग्रेड करने की मंजूरी दी है. बता दें कि सरकार के इस निर्णय का सबसे अधिक लाभ नूंह (मेवात) जिले को मिलेगा. जिले में 7 नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे. इनमें रानिका, देवला नंगली, महुं, गौधोला, लफुरी, बड़ेड और चीला गांव शामिल हैं.

रेवाड़ी जिले के भांडोर गांव और सिरसा जिले के मोचीवाली गांव में भी नए उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे. इन केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीण आबादी को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और सामान्य इलाज के लिए दूर के अस्पतालों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है.
स्वास्थ्य केंद्र बनेगा PHC
सरकार ने गुरुग्राम जिले के रणसीका गांव में मौजूदा उप स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करने की भी मंजूरी दी है. अब इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तब्दील किया जाएगा. इससे क्षेत्र के लोगों को पहले की तुलना में अधिक व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं मिलने का रास्ता साफ होगा. हरियाणा सरकार का यह फैसला खासतौर पर उन ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां लोगों को इलाज के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ता है.
जरूरी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध
नए उप स्वास्थ्य केंद्र खुलने से प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य जांच, उपचार और अन्य जरूरी चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी. स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना और ग्रामीण आबादी तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है. नए केंद्रों और अपग्रेड किए जा रहे स्वास्थ्य केंद्रों से ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचा मडबूत होगा.