DU में एडमिशन का आखिरी मौका, 13 हजार से ज्यादा UG सीटें खाली; जानें किन कॉलेजों में वैकेंसी

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले की कई प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद भी बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गई हैं. विश्वविद्यालय की ओर से जारी स्पाट राउंड की ताजा वैकेंसी सूची के अनुसार, कुल 13,433 UG सीटें अभी उपलब्ध हैं. इन सीटों के लिए 1,160 कॉलेज- प्रोग्राम संयोजनों में वैकेंसी दर्ज की गई है. खाली सीटें केवल कम मांग वाले पाठ्यक्रमों में ही नहीं हैं.

Delhi University

हिंदू कॉलेज, हंसराज कॉलेज और श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) जैसे प्रतिष्ठित कॉलेजों में भी कुछ सीटें उपलब्ध हैं. ऐसे में स्पाट राउंड में शामिल होने वाले छात्रों के पास पसंदीदा कॉलेज और पाठ्यक्रम में दाखिले का मौका हो सकता है.

सबसे ज्यादा सीटें खाली

डीयू की कुल 13,433 खाली सीटों में सबसे ज्यादा 4,133 सीटें OBC-NCL श्रेणी की हैं. इसके बाद 2,476 ST, 2,113 अनारक्षित, 2,038 SC और 1,791 EWS सीटें शामिल हैं. सिख श्रेणी की 566 और ईसाई श्रेणी की 316 सीटें भी खाली हैं. हिंदू कॉलेज में 11 पाठ्यक्रमों में कुल 29 सीटें उपलब्ध हैं. इनमें अर्थशास्त्र, बीकॉम ऑनर्स, भौतिकी, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान और दर्शन जैसे विषय शामिल हैं. वहीं, हंसराज कॉलेज में 19 पाठ्यक्रमों में 79 सीटें खाली हैं. यहां कंप्यूटर साइंस, गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जूलॉजी, बॉटनी और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे विषयों में भी सीटें उपलब्ध हैं.

SRCC में भी खाली हैं सीटें

श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में अर्थशास्त्र की दो सीटें खाली हैं. इनमें एक अनारक्षित सीट शामिल है. बीकॉम ऑनर्स में भी दो सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें एक OBC-NCL और एक SC श्रेणी की है. कुछ कॉलेजों में एक ही पाठ्यक्रम में 100 से ज्यादा सीटें खाली हैं. स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज में बीकॉम की 145 सीटें उपलब्ध हैं. इंस्टीट्यूट ऑफ होम इकोनॉमिक्स में BSc पास होम साइंस की 131 और लेडी इरविन कॉलेज में इसी पाठ्यक्रम की 101 सीटें खाली हैं.

यह भी पढ़े -  नमो भारत स्टेशनों पर 24x7 नजर, हाईटेक कैमरों से संदिग्ध गतिविधियों पर शिकंजा

विज्ञान विषयों में भी कई सीटें उपलब्ध हैं. श्याम लाल कॉलेज में BSc Physical Science with Chemistry की 112 सीटें खाली हैं. इसके अलावा रसायन विज्ञान, गणित और अन्य विज्ञान पाठ्यक्रमों में भी वैकेंसी बनी हुई है.

दाखिले का मौका

भाषा और मानविकी विषयों में भी सीटें खाली हैं. कालिंदी कॉलेज में संस्कृत की 68 और हिंदी की 54 सीटें उपलब्ध हैं. जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज में फारसी की 27, बंगाली की 27, गणित की 32, रसायन विज्ञान की 51 और Physical Science with Chemistry की 56 सीटें खाली हैं. डीयू के अनुसार, यह वैकेंसी सूची 23 अगस्त को दोपहर 1 बजे तक की स्थिति पर आधारित है.

दाखिले, सीटों के मिलान, नाम वापसी, रद्दीकरण और शिकायतों के निस्तारण के कारण सीटों की संख्या में बदलाव हो सकता है. स्पाट राउंड में नाम वापसी की अनुमति नहीं होगी. सीट का आवंटन कॉलेज, पाठ्यक्रम और संबंधित श्रेणी में उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाएगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.