हरियाणा में महिलाओं के फ्री सफर की घोषणा, सैनी सरकार ने किया बड़ा ऐलान

चंडीगढ़ | रक्षाबंधन के मौके पर हरियाणा सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत दी है. 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और उनके साथ सफर करने वाले 15 साल तक के बच्चों के लिए हरियाणा रोडवेज (Haryana Roadways) की साधारण बसों में 36 घंटे तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी. इस दौरान महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले पात्र बच्चों से कोई किराया नहीं लिया जाएगा.

Haryana Roadways Bus

राज्य परिवहन निदेशक कार्यालय की ओर से इस संबंध में प्रदेश के सभी डिपो के महाप्रबंधकों (GMs) को आदेश जारी कर दिए गए हैं. आदेश के अनुसार, मुफ्त यात्रा की सुविधा 27 अगस्त 2026 की दोपहर 12 बजे से शुरू होगी और 28 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक जारी रहेगी.

इसकी भी सुविधा

सरकार की यह सुविधा केवल हरियाणा के भीतर चलने वाली बसों तक सीमित नहीं रहेगी. महिलाओं और उनके साथ सफर करने वाले 15 वर्ष तक के बच्चों को चंडीगढ़ और दिल्ली तक आने- जाने वाली हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में भी मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा. रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं के अपने मायके जाने की संभावना को देखते हुए परिवहन विभाग ने बसों की व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं. सभी डिपो महाप्रबंधकों को जरूरत के अनुसार पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में जाति प्रमाण पत्र का बदलेगा नाम, CM सैनी ने मेघवाल समिति को दिया आश्वासन

सुरक्षा के इंतजाम

त्योहारी भीड़ को देखते हुए बस स्टैंडों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं. महिलाओं की सुगम और सुरक्षित आवाजाही के लिए जिला प्रशासन के समन्वय से पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. रोडवेज कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से वर्दी में रहने और यात्रियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने की हिदायत दी गई है. परिवहन विभाग ने इस योजना के तहत यात्रा करने वाली महिलाओं और बच्चों का आंकड़ा भी जुटाने के निर्देश दिए हैं.

सभी संबंधित अधिकारियों को 31 अगस्त 2026 तक मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने वाले यात्रियों की जानकारी संकलित कर मुख्यालय को रिपोर्ट भेजनी होगी. इससे रक्षाबंधन के दौरान दी गई मुफ्त यात्रा सुविधा का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.