हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू, पहले दिन 4 बड़े बिल; इन मुद्दों पर गरमाएगा सदन

चंडीगढ़ | हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज (वीरवार) सुबह 11:00 बजे चंडीगढ़ स्थित विधान भवन में शुरू होगा. सत्र के पहले दिन ही सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं. सरकार जहां 4 अहम संशोधन विधेयक पेश करने के साथ कई अध्यादेश सदन के पटल पर रखेगी. वहीं, विपक्ष कानून- व्यवस्था, जलभराव, रोजगार और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है. सदन की कार्यवाही की शुरुआत श्रद्धांजलि से होगी.

Haryana Vidhansabha Assembly

पूर्व विधायक चौधरी सही राम बिश्नोई और राजपाल भूखडी के अलावा हरियाणा के शहीदों, रोहतक के डी-पार्क बाजार अग्निकांड के पीड़ितों और कुएं में जहरीली गैस से जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी.

सरकार को घेरेगा विपक्ष

प्रश्नकाल के बाद नियम 121 के तहत अंतिम 2 घंटों में सरकारी कार्य किए जाने का प्रस्ताव रखा जाएगा. विधायक आदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला ने प्रदेश की बिगड़ती कानून- व्यवस्था को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया है. ऐसे में इस मुद्दे पर सदन में हंगामा और बहस होने की संभावना है. नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने सत्र से पहले कहा कि दादरी में सरेआम फायरिंग और कुरुक्षेत्र में डकैती जैसी घटनाओं से प्रदेश में डर का माहौल है. उन्होंने सरकार पर कानून- व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया.

रिपोर्ट भी होगी पेश

सत्र में विशेषाधिकार समिति की पहली प्रारंभिक रिपोर्ट भी अहम रहेगी. विधायक योगिन्द्र सिंह राणा की ओर से पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत अशोक कुमार अरोड़ा, बलराम दांगी, शकुंतला खटक, रघुवीर सिंह कादियान, बलवान सिंह दौलतपुरिया और मामन खान के खिलाफ दिए गए विशेषाधिकार हनन के मामले की रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी. अर्जुन सिंह चौटाला और शक्ति रानी शर्मा से जुड़े प्रस्तावों की रिपोर्ट भी ‘नेवा’ (NEVA) पोर्टल के माध्यम से पेश होगी. प्रमोद कुमार विज द्वारा ‘एक्शन इंडिया हरियाणा’ चैनल के खिलाफ दी गई विशेषाधिकार हनन सूचना पर रिपोर्ट भी आएगी.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में बारिश पर ब्रेक, पंचकूला- अंबाला- यमुनानगर में बूंदाबांदी के आसार; जानें मौसम का हाल

ये 4 विधेयक लाएगी सरकार

  • हरियाणा न्यायालय (संशोधन) विधेयक, 2026
  • हरियाणा नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2026
  • हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2026
  • हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम पूजास्थल विधेयक, 2026

नगर निगम, ग्राम शामलात भूमि (विनियमन), राज्य महिला आयोग, विधि अधिकारी (विनियोजन) और आबकारी व जीएसटी से संबंधित अध्यादेश तथा कई वार्षिक रिपोर्ट भी सदन में रखी जाएंगी.

गुरुग्राम जलभराव भी मुद्दा

कांग्रेस आईडीएफसी बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, म्युनिसिपल कमेटी पंचकूला समेत अन्य घोटालों पर चर्चा के लिए काम रोको प्रस्ताव लाएगी. कौशल रोजगार निगम, संगठित अपराध और कानून-व्यवस्था पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा. इसके साथ ही गुरुग्राम में जलभराव, सफाई कर्मियों का आंदोलन, प्रॉपर्टी टैक्स, कलेक्टर रेट, किसानों के मुआवजे, बिजली के निजीकरण, स्मार्ट मीटर और गेस्ट टीचर्स समेत कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे भी सदन में उठाए जाएंगे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.