दिल्ली से रींगस जाने वालों के लिए खुशखबरी, 27 अगस्त से चलेगी अनारक्षित स्पेशल; जानें पूरा शेड्यूल

नई दिल्ली | भारत में सालों भर त्योहारों का सिलसिला जारी रहता है. इस दौरान अपने घरों को जाने वाले लोगों की संख्या में कई गुना इजाफा होता है. ऐसे में हर बार भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाता है. इसी कड़ी में एक बार फिर आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए दिल्ली सराय रोहिल्ला और रींगस के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है. इस विशेष रेलसेवा से दिल्ली के साथ हरियाणा और शेखावाटी क्षेत्र के यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है. ट्रेन दोनों दिशाओं में दो- दो ट्रिप के लिए संचालित की जाएगी.

Indian Railway Train

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04415 दिल्ली सराय रोहिल्ला- रींगस अनारक्षित स्पेशल 27 और 28 अगस्त 2026 को चलेगी. यह ट्रेन दिल्ली सराय रोहिल्ला से शाम 7:10 बजे रवाना होगी और रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी.

हरियाणा के इन स्टेशनों पर ठहराव

वापसी में गाड़ी संख्या 04416 रींगस- दिल्ली सराय रोहिल्ला अनारक्षित स्पेशल 28 और 29 अगस्त 2026 को संचालित होगी. रींगस से ट्रेन रात 2:00 बजे रवाना होकर सुबह 6:30 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी. स्पेशल ट्रेन का फायदा हरियाणा के यात्रियों को भी मिलेगा. रेलवे ने इसके लिए कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया है. ट्रेन दोनों दिशाओं में दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पाटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीमकाथाना स्टेशनों पर रुकेगी. ऐसे में त्योहार के दौरान इन क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल जाएगा.

यह भी पढ़े -  UGC- NET 2026 का रिजल्ट इस हफ्ते होगा जारी, 84 विषयों के अभ्यर्थियों का इंतजार जल्द खत्म

13 डिब्बों के साथ चलेगी ट्रेन

रेलवे के मुताबिक, अनारक्षित स्पेशल ट्रेन में कुल 13 डिब्बे लगाए जाएंगे. इनमें 11 साधारण श्रेणी के कोच और 2 गार्ड डिब्बे होंगे. त्योहारों के दौरान सामान्य श्रेणी में बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने यह व्यवस्था की है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि सफर से पहले ट्रेन के समय और परिचालन की जानकारी जरूर जांच लें. साथ ही, यात्रा के दौरान रेलवे के सुरक्षा नियमों और दिशा- निर्देशों का पालन करें.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.