सिरसा | देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की 25 सितंबर को 113वीं जयंती है. इस मौके पर हरियाणा में उनके परिवार से जुड़े अलग- अलग राजनीतिक दलों और नेताओं के कार्यक्रम हो रहे हैं. इनेलो, जजपा और पूर्व बिजली मंत्री रणजीत सिंह अपने स्तर पर देवीलाल को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. जजपा की ओर से ऐलनाबाद हलके के गांव शक्कर मंदोरी में नई प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा, जबकि इनेलो का मुख्य सम्मान दिवस समारोह 27 सितंबर को नूंह में होना है.
जजपा ने चौधरी देवीलाल की 113वीं जयंती पर प्रदेशभर में कार्यक्रम रखे हैं. शक्कर मंदोरी में स्थापित नई प्रतिमा का अनावरण जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला करेंगे. कार्यक्रम में जजपा यूथ प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला भी मौजूद रहेंगे. पार्टी की ओर से यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे रखा गया है.
16 जगह लगी प्रतिमाएं
सिरसा जिले में पहले से करीब 16 स्थानों पर चौधरी देवीलाल की प्रतिमाएं लगी हैं. शक्कर मंदोरी की नई प्रतिमा को मिलाकर इनकी संख्या 17 हो जाएगी. जयंती से पहले इन प्रतिमाओं की साफ-सफाई कराई गई है और जजपा नेता व कार्यकर्ता यहां पुष्प अर्पित करेंगे. पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला दिल्ली में राजघाट स्थित चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे. इनेलो ने इस बार अपना मुख्य सम्मान दिवस समारोह 25 सितंबर के बजाय 27 सितंबर को नूंह में रखा है. इसके लिए पार्टी नेता पिछले कई दिनों से अलग- अलग जिलों और गांवों में जाकर लोगों को निमंत्रण दे रहे हैं.
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP ने भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री, चौधरी देवी लाल जी को उनकी जयंती पर नमन किया।
“उनके विचार और लोककल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता समस्त देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।”#Haryana #DIPRHaryana #HaryanaCM… pic.twitter.com/GJ9T3LlVyc
— DPR Haryana (@DiprHaryana) September 25, 2026
रखा गया कार्यक्रम
25 सितंबर को इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला अपने परिवार के साथ दिल्ली में राजघाट स्थित चौधरी देवीलाल की समाधि पर श्रद्धांजलि देंगे. उनके साथ जिला परिषद सिरसा के चेयरमैन कर्ण चौटाला और रानियां विधायक अर्जुन चौटाला भी मौजूद रहेंगे. सिरसा में जेसीडी विद्यापीठ में भी कार्यक्रम रखा गया है. यहां डायरेक्टर जनरल डॉ. जय प्रकाश हुड्डा, टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ के साथ चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे. इनेलो जिलाध्यक्ष जसबीर जस्सा सहित स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.
रणजीत सिंह के आवास पर अलग कार्यक्रम
पूर्व बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने सिरसा में बरनाला रोड स्थित अपने आवास पर जिला स्तरीय कार्यक्रम रखा है. यहां रानियां हलके के साथ जिले के अलग-अलग हिस्सों से उनके समर्थक और अन्य लोग पहुंच रहे हैं. कार्यक्रम में पहले चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे, इसके बाद रणजीत सिंह लोगों को संबोधित करेंगे. वहीं, जजपा यूथ प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने अपने पैतृक गांव चौटाला में मकान की नींव रखी है. वे यहां से डबवाली हलके में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं.
