पानीपत | हरियाणा के पानीपत से दिल्ली और करनाल के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रैपिड रेल परियोजना से जुड़ा नया अपडेट सामने आया है. 136.30 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर के तहत जिले में समालखा, सिवाह बस स्टैंड और पानीपत शहर में स्टेशन प्रस्तावित हैं. इनमें पानीपत शहर का स्टेशन जमीन के नीचे बनेगा, जबकि सिवाह बस स्टैंड पर एलिवेटेड स्टेशन तैयार किया जाएगा.
सेक्टर- 18 को भी भविष्य में स्टेशन बनाने के लिए चिह्नित किया गया है. फिलहाल, परियोजना के शुरुआती कार्य आगे बढ़ रहे हैं, जबकि सभी स्टेशनों और वायाडक्ट का निर्माण एक साथ शुरू नहीं हुआ है.
हरियाणा सरकार की हिस्सेदारी
दिल्ली-पानीपत-करनाल कॉरिडोर की कुल लंबाई 136.30 किलोमीटर है. इस पर करीब 33,051 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसमें हरियाणा सरकार की हिस्सेदारी लगभग 7,472 करोड़ रुपये होगी. हरियाणा सरकार ने 22 सितंबर को इस कॉरिडोर को ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) नीति के तहत शामिल किया है. फिलहाल, सड़क चौड़ीकरण, सड़क को दोबारा तैयार करने और परियोजना के रास्ते में आने वाली जरूरी सुविधाओं को स्थानांतरित करने का काम आगे बढ़ रहा है.
जनवरी में जारी हुए थे कार्यादेश
हरियाणा व्यापक द्रुतगामी परिवहन निगम (HMRTC) के दस्तावेजों के अनुसार, कॉरिडोर के 29.95 से 75.55 किलोमीटर और 75.55 से 136.30 किलोमीटर हिस्से में सड़क चौड़ीकरण एवं रेस्टोरेशन के कार्य आवंटित हो चुके हैं. इनके कार्यादेश जनवरी 2026 में जारी किए गए थे. स्टेशन और वायाडक्ट के रास्ते में आने वाली सीवर लाइन, पानी की पाइपलाइन और बरसाती पानी की निकासी जैसी सुविधाओं को स्थानांतरित करने का कार्य भी दिया गया है. HMRTC के रिकॉर्ड में इसकी तारीख 28 जनवरी 2026 दर्ज है.
मिलेंगी ये सुविधाएं
प्रस्तावित स्टेशनों पर कार और दोपहिया पार्किंग, पिकअप-ड्रॉप लेन, ऑटो-टैक्सी के लिए जगह और पैदल यात्रियों की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है. ट्रेनों में 2×2 सीटिंग व्यवस्था, सामान रखने की जगह, महिलाओं के लिए आरक्षित कोच और दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं.
