पानीपत | शहर की सड़कों पर बढ़ते वाहनों के कारण पानीपत में लोगों को आए दिन जाम से जूझना पड़ता है। खासकर जीटी रोड और आसपास के प्रमुख रास्तों पर भारी वाहनों का दबाव यातायात को प्रभावित करता है। अब इस समस्या से राहत दिलाने के लिए कई बड़ी सड़क परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ने की उम्मीद है। बता दें कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पानीपत की प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं पर सहमति जताते हुए अधिकारियों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

सोमवार को दिल्ली में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने उनसे मुलाकात कर शहर की यातायात समस्याओं को लेकर कई मांगें रखीं। प्रस्तावों में पानीपत के भारी वाहनों को शहर से बाहर निकालने के लिए रिंग रोड बनाने की मांग प्रमुख है।
फ्लाईओवर का प्रस्ताव
सेक्टर-13-17 फ्लाईओवर से बाबरपुर फ्लाईओवर तक नया फ्लाईओवर और एल्डिको के सामने अंडरपास बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। बरसत रोड से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों की सुविधा के लिए पानीपत फ्लाईओवर पर एंट्री रैंप और नाथू स्वीट्स के सामने एग्जिट रैंप बनाने की मांग की गई है। इससे वाहन चालकों को आवाजाही में आसानी हो सकती है।
यातायात सुधारने की तैयारी
बाबरपुर मंडी के सामने फ्लाईओवर और जीटी रोड पर पानीपत अनाज मंडी के सामने दोनों तरफ सुरक्षित यू-टर्न बनाने का प्रस्ताव भी सौंपा गया है। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के अनुसार इन परियोजनाओं से शहरवासियों के साथ किसानों, व्यापारियों और आढ़तियों को भी जाम से राहत मिलेगी। वहीं, यातायात बेहतर होने से क्षेत्र की औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।