अंबाला | हरियाणा के लोगों को हवाई सफर के लिए अक्सर दिल्ली या चंडीगढ़ का रुख करना पड़ता है. खासकर अंबाला और आसपास के इलाकों के यात्रियों के लिए इसमें समय भी ज्यादा लगता है. अब अंबाला से ही नागरिक उड़ान शुरू करने की तैयारी आगे बढ़ रही है और एयरपोर्ट पर बचे हुए जरूरी काम पूरे करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. बता दें कि रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम यानी उड़ान योजना के तहत अंबाला से नागरिक विमान सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है.

हाल ही में ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी की टीम ने एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था. सुरक्षा से जुड़े कुछ बदलाव सुझाए जाने के बाद अब PWD ने करीब 1.37 करोड़ रुपये के अतिरिक्त काम के लिए टेंडर जारी किया है.
किए जाएंगे ये बदलाव
अब सिविल एंक्लेव में सुरक्षा जरूरतों के हिसाब से कुछ नए काम किए जाएंगे. इसमें कूलिंग पिट की व्यवस्था करने के साथ बैगेज एरिया को अलग किया जाएगा. इसके अलावा सुरक्षा और तकनीकी जरूरतों से जुड़े कुछ दूसरे बदलाव भी किए जाने हैं. लोक निर्माण विभाग की अंबाला छावनी स्थित प्रांतीय डिवीजन नंबर-1 की तरफ से इस काम के लिए 3 महीने का समय रखा गया है. टेंडर की तकनीकी बोलियां 15 अक्टूबर को खोली जाएंगी.
200 यात्रियों वाला टर्मिनल
अंबाला में तैयार हो रहा यह घरेलू एयरपोर्ट मौजूदा वायुसेना स्टेशन के रनवे का इस्तेमाल करेगा. यात्रियों के लिए अलग नया टर्मिनल तैयार किया गया है, जहां एक समय में करीब 200 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी. PWD के एक्सईएन रितेश अग्रवाल के मुताबिक, सुरक्षा मानकों से जुड़े कुछ काम करने के लिए रिपोर्ट मिली थी और उसी के आधार पर टेंडर लगाया गया है. एजेंसी को ये काम 3 महीने में पूरे करने होंगे.
नए साल में शुरू होगी उड़ान
अब सबसे ज्यादा इंतजार इस बात का है कि यहां से पहली यात्री उड़ान कब शुरू होगी. निर्माण से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, बाकी काम सही तरीके से पूरे होते हैं तो आने वाले 3 से 4 महीनों में एयरपोर्ट उड़ान के लिए तैयार हो सकता है. ऐसे में किसी तरह की रुकावट नहीं आई तो नए साल में यहां से विमान सेवा शुरू होने की उम्मीद है. वहीं, रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत अंबाला को श्रीनगर, वाराणसी, दिल्ली, जयपुर और अमृतसर से जोड़ने के लिए सरकार की तरफ से केंद्र के पास आवेदन किया गया है. भविष्य में लखनऊ, देहरादून और शिमला जैसे शहरों के लिए भी कनेक्टिविटी की संभावना है.