फरीदाबाद | दिवाली के आसपास हरियाणा में मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों की रौनक देखने को मिलती है। लोग परिवार के साथ घूमने और त्योहार का आनंद लेने के लिए ऐसी जगहों पर पहुंचते हैं। इसी बीच फरीदाबाद के प्रसिद्ध सूरजकुंड में लगने वाले दिवाली मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन ने यहां आने वाले पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। बता दें कि सूरजकुंड दिवाली मेले का उद्घाटन 23 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे।

वहीं, 26 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल शामिल होंगे। मेले की तैयारियों को लेकर उपायुक्त आयुष सिन्हा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की है।
व्यवस्था पर विशेष ध्यान
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। बिजली आपूर्ति, अस्थायी कनेक्शन, तारों और बिजली के खंभों की जांच के लिए विशेष समिति गठित की जाएगी। इसमें बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।
मेले में लगाए जाने वाले स्टॉल और अस्थायी ढांचों को सुरक्षा मानकों के अनुसार तैयार किया जाएगा। अग्निशमन व्यवस्था की जांच भी कराई जाएगी।
सफाई और पेयजल के होंगे इंतजाम
इसी बीच प्रशासन ने मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। सीवरेज और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ पर्यटकों और शिल्पकारों के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरत के अनुसार पानी के टैंकर भी लगाए जाएंगे।
स्वास्थ्य सुविधाएं भी रहेंगी उपलब्ध
मेले में आने वाले लोगों के लिए चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था भी की जाएगी। मेला परिसर में डिस्पेंसरी संचालित होगी। यहां डॉक्टर, नर्सिंग और पैरामेडिकल कर्मचारी तैनात रहेंगे।.जरूरी चिकित्सा उपकरणों से लैस एंबुलेंस भी उपलब्ध रखी जाएगी। प्रशासन ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।