चंडीगढ़ | हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों युवा कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) पास करने के बाद भी रोजगार मिलने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे युवाओं के लिए प्रदेश सरकार की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है। अब पात्र युवाओं को रोजगार नहीं मिलने की स्थिति में आर्थिक सहायता के साथ काम करने का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

CM नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि 1 नवंबर 2026 से CET पास बेरोजगार युवाओं को सक्षम युवा योजना के दायरे में लाया जाएगा। इसके तहत, जिन युवाओं को परीक्षा पास करने के 2 साल बाद भी रोजगार नहीं मिला है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता और 100 घंटे का कार्य उपलब्ध कराया जाएगा।
5.40 लाख युवा हुए चिन्हित
सरकार की ओर से कराए गए सर्वे में हरियाणा के कुल 5 लाख 40 हजार 428 CET पास युवाओं की पहचान की गई है। इन युवाओं को योजना का लाभ एक साथ देने के बजाय चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, आर्थिक सहायता की राशि और आवेदन प्रक्रिया को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इसी बीच मुख्यमंत्री ने विकसित भारत विजन-2047 के तहत रोजगार, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग और हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
रोजगार के अवसर
बैठक में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने बैठक में बताया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के तहत हरियाणा को देश के शीर्ष 10 राज्यों में स्थान मिला है। उन्होंने दावा किया कि इस पहल के माध्यम से प्रदेश के करीब 51 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अब CET पास बेरोजगार युवाओं के लिए घोषित व्यवस्था से भी पात्र अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।