नई दिल्ली | बच्चों की अच्छी पढ़ाई हर माता-पिता का सपना होता है, लेकिन उच्च शिक्षा का खर्च कई बार परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने अपने कर्मचारियों के परिवारों को दिवाली पर राहत दी है। पुलिसकर्मियों के बच्चों की पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए स्कॉलरशिप की रकम बढ़ाने के साथ मेधावी छात्रों के लिए नकद पुरस्कार का भी ऐलान किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने अपने कर्मचारियों के बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए मिलने वाली स्कॉलरशिप 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी है। 10वीं और 12वीं में 90 फीसदी से अधिक अंक लाने वाले छात्रों को 5-5 हजार रुपये का एकमुश्त पुरस्कार दिया जाएगा। ये सभी नए प्रावधान शैक्षणिक सत्र 2025-26 से लागू होंगे।
टॉप करने वालों को 50 हजार
दिल्ली पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों के लिए भी खास प्रोत्साहन रखा है। IIT-JEE और NEET परीक्षा में टॉप-1000 में जगह बनाने वाले छात्रों को 50 हजार रुपये और प्रशस्ति प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
वहीं, ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के बच्चों की उच्च शिक्षा का पूरा खर्च पुलिस विभाग उठाएगा। नए नियमों के तहत, यदि कोई छात्र पहला साल पूरा करने के बाद अपना ट्रेड या प्रोफेशनल कोर्स बदलता है तो उसे पहले साल की स्कॉलरशिप वापस नहीं करनी होगी। नए कोर्स के दूसरे साल से भी स्कॉलरशिप मिल सकती है। हालांकि, इस सुविधा का लाभ केवल एक बार लिया जा सकेगा।
कर्मचारी देंगे योगदान
दिल्ली पुलिस एजुकेशन फंड में योगदान का दायरा भी बढ़ाया गया है। 1 अप्रैल 2026 से सभी रैंक के अधिकारी और कर्मचारी इसमें योगदान देंगे। हालांकि, शिक्षा संबंधी लाभ MTS से लेकर प्रमोटी ACP तक के कर्मचारियों और अधिकारियों के बच्चों को ही मिलेंगे। इसी बीच, ड्यूटी के दौरान या सेवाकाल में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के 225 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की सिफारिश की गई है।
इन्हें हेड कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल), कांस्टेबल (एग्जीक्यूटिव), कांस्टेबल (ड्राइवर) और MTS पदों पर नियुक्त किया जा सकता है। हालांकि, नियुक्ति मेडिकल टेस्ट में फिट पाए जाने की शर्त पर निर्भर करेगी।