रेवाड़ी | त्योहारों के मौसम में घर जाने और घूमने का प्लान बनाने वालों को अक्सर ट्रेन में सीट मिलने की चिंता रहती है। यात्रियों की इसी परेशानी को कम करने के लिए रेलवे ने उदयपुर और दिल्ली के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इससे रेवाड़ी समेत रास्ते में पड़ने वाले कई स्टेशनों के यात्रियों को राहत मिलेगी। बता दें कि उत्तर पश्चिम रेलवे उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन करेगा।

यह ट्रेन 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को उदयपुर सिटी से रवाना होगी। वहीं, वापसी में 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को दिल्ली सराय से चलेगी। स्पेशल ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 सेकंड एसी, 6 थर्ड एसी, 2 थर्ड एसी इकॉनमी, 6 स्लीपर, 4 जनरल, एक गार्ड डिब्बा और एक पावर कार शामिल हैं।
उदयपुर से दिल्ली जाने का समय
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के मुताबिक, उदयपुर सिटी से ट्रेन रात 9:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:15 बजे दिल्ली सराय पहुंचेगी।
रेवाड़ी स्टेशन पर इसका ठहराव सुबह 9:05 से 9:10 बजे तक रहेगा। इस दौरान यात्री यहां से ट्रेन में चढ़ और उतर सकेंगे।
इस समय पहुंचेगी रेवाड़ी
दिल्ली सराय से उदयपुर सिटी जाने वाली स्पेशल ट्रेन प्रत्येक गुरुवार दोपहर 1:45 बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 4 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। वापसी के दौरान रेवाड़ी स्टेशन पर ट्रेन दोपहर 3 से 3:05 बजे तक रुकेगी।
इन स्टेशनों पर भी ठहराव
रेवाड़ी के अलावा ट्रेन गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, नारनौल, अटेली, नीम का थाना, रींगस, फुलेरा, अजमेर, किशनगढ़, बिजयनगर, भीलवाड़ा, चंदेरिया और मावली समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी।