IRCTC लेकर आया जापान घूमने का मौका, बुलेट ट्रेन से लेकर 4- स्टार होटल तक सब शामिल

नई दिल्ली | जापान घूमने का सपना है, लेकिन फ्लाइट, होटल और वीजा की व्यवस्था देखकर प्लान टाल देते हैं? अब ऐसी परेशानी के बिना भी जापान की सैर की जा सकती है। इस यात्रा में आपको माउंट फूजी के खूबसूरत नजारे देखने, बुलेट ट्रेन में सफर करने और कई मशहूर शहरों को करीब से जानने का मौका मिलेगा। बता दें कि IRCTC ने जापान के लिए 9 दिन का टूर पैकेज पेश किया है।

Japan Tour Package

यह यात्रा 19 अप्रैल से 27 अप्रैल 2027 तक चलेगी। दिल्ली से ऑल निप्पॉन एयरवेज की फ्लाइट के जरिए यात्रियों को टोक्यो ले जाया जाएगा। इस दौरान टोक्यो, हमामात्सू, क्योटो, ओसाका और हिरोशिमा की सैर कराई जाएगी।

यहां घूमने का मौका

  • टोक्यो: असाकुसा मंदिर, टोक्यो स्काईट्री, शिबुया क्रॉसिंग और रेनबो ब्रिज की सैर।
  • माउंट फूजी: माउंट फूजी के 5वें स्टेशन या ओशिनो हक्काई घूमने का मौका मिलेगा।
  • हकोने: रोपवे और पाइरेट शिप की सवारी का अनुभव मिलेगा।
  • क्योटो और ओसाका: बैम्बू फॉरेस्ट, ओसाका कैसल पार्क और नारा डियर पार्क घुमाया जाएगा।
  • हिरोशिमा: ओसाका से हिरोशिमा और फिर हिरोशिमा से टोक्यो तक बुलेट ट्रेन में सफर कराया जाएगा।

इतना होगा खर्च

IRCTC के इस पैकेज में अकेले यात्रा करने पर 4,77,000 रुपये खर्च होंगे। वहीं, दो लोगों के एक कमरे में ठहरने पर प्रति व्यक्ति किराया 3,87,000 रुपये रखा गया है।यात्रियों को 4-स्टार होटल में ठहरने, टूरिस्ट वीजा, इकॉनमी क्लास की रिटर्न फ्लाइट और एसी डीलक्स कोच की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा रोजाना भारतीय रेस्टोरेंट में नाश्ता, दोपहर और रात का खाना दिया जाएगा। घूमने के दौरान अंग्रेजी बोलने वाला गाइड भी साथ रहेगा।

बुकिंग से पहले जान लें जरूरी शर्तें

यात्रियों को बुकिंग के समय पैन कार्ड देना होगा। पासपोर्ट की वैधता यात्रा से वापसी के बाद कम से कम 6 महीने तक होनी चाहिए। वीजा आवेदन के लिए पिछले 3 साल का इनकम टैक्स रिटर्न और 6 महीने का बैंक स्टेटमेंट भी जरूरी है। अगर दूतावास वीजा देने से मना करता है, तो IRCTC इसकी जिम्मेदारी नहीं लेगा और जमा रकम वापस नहीं मिलेगी।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.