रोहतक | दिवाली के मौके पर बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में संकरी सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही से जाम लगने और पैदल चलने वालों को परेशानी होने लगती है। रोहतक में इसी समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। बता दें कि रोहतक के प्रमुख बाजारों में 8 नवंबर तक सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी करने के साथ बाजारों के आसपास पार्किंग की व्यवस्था भी की है। इस दौरान 8 स्थानों पर नाकाबंदी की जाएगी, जिससे वाहन किला रोड और दुर्गा भवन मंदिर की तरफ न जा सकें।
ट्रैफिक फ्री जोन
पुलिस ने झज्जर रोड टी-प्वाइंट से कच्चा बेरी रोड मार्केट, किला रोड, शोरी मार्केट, रेलवे रोड, डी-पार्क, मॉडल टाउन मार्केट, शिवाजी कॉलोनी मार्केट और गांधी कैंप मार्केट को 8 नवंबर तक ट्रैफिक फ्री जोन बनाया है।
रूट डायवर्जन प्लान
- दोपहिया वाहन: अप्रोच रोड और पुरानी अनाज मंडी के अंदर से होते हुए कच्चा बेरी रोड की तरफ जा सकेंगे।
- बड़े वाहन: झज्जर रोड, झज्जर चुंगी, सुनारियां चुंगी और भिवानी चुंगी से होते हुए बस अड्डे की तरफ जाएंगे।
- कच्चा बेरी रोड से शांतमई चौक: इस तरफ जाने वाले वाहन माता दरवाजा, दयानंद मठ चौक और गोहाना अड्डा होकर पहुंचेंगे।
6 जगहों पर मिलेगी पार्किंग
- महाराजा अग्रसेन पार्किंग स्थल, एलिवेटेड रोड
- पुराना सीनियर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड, पुरानी सब्जी मंडी के पास
- भगत सिंह पार्किंग, किला रोड
- मेडिकल मोड़
- रेलवे स्टेशन पार्किंग
- अशोक मोड़ पार्किंग
होगी पैदल गश्त
भीड़ को देखते हुए पुलिस ने रेलवे रोड, शोरी मार्केट, प्रताप चौक, चमेली मार्केट, किला रोड और डी-पार्क में पैदल गश्त बढ़ाने का फैसला किया है। गश्ती टीम में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य चोरी, छीना-झपटी और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर रोक लगाना है।