सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 9वीं के एडमिशन शुरू, 2 दिसंबर तक करें आवेदन; जनवरी में होगी परीक्षा

नई दिल्ली | बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ अनुशासन और सेना में करियर बनाने का माहौल देने के लिए कई माता-पिता सैनिक स्कूलों में दाखिले की तैयारी करते हैं। अगर आप भी अपने बच्चे का सैनिक स्कूल में एडमिशन कराना चाहते हैं तो आवेदन का मौका आ गया है। इस बार प्रवेश परीक्षा के लिए जरूरी तारीखें और नियम भी जारी कर दिए गए हैं।

Sainik School Admission 2027

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम (AISSEE-2027) का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके जरिए देश के मौजूदा और नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 9वीं में दाखिले होंगे।

उम्र सीमा

  • कक्षा 6वीं: 10 से 12 साल।
  • कक्षा 9वीं: 13 से 15 साल।

लिखित परीक्षा के बाद ई-काउंसलिंग, मेडिकल फिटनेस टेस्ट और दस्तावेजों का सत्यापन होगा। सामान्य और OBC-NCL वर्ग के अभ्यर्थियों को प्रत्येक विषय में कम से कम 25% और कुल 40% अंक लाने होंगे। मौजूदा सैनिक स्कूलों में SC/ST अभ्यर्थियों को इस न्यूनतम अंक की शर्त से छूट है। आवेदन की अंतिम तारीख 2 दिसंबर 2026 है, जबकि प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।

AISSEE-2027 की जरूरी तारीखें

प्रक्रिया तारीख
आवेदन शुरू 8 नवंबर 2026
अंतिम तारीख 2 दिसंबर 2026
लेट फीस के साथ आवेदन 3-6 दिसंबर
फॉर्म में सुधार 7-9 दिसंबर
परीक्षा शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027
एडमिट कार्ड 25 जनवरी 2027
प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027

दोनों कक्षाओं का परीक्षा पैटर्न

विषय कक्षा 6वीं सवाल/अंक कक्षा 9वीं सवाल/अंक
गणित 50/150 50/200
भाषा/अंग्रेजी 25/50 25/50
इंटेलिजेंस 25/50 25/50
सामान्य ज्ञान/विज्ञान 25/50 25/50
सामाजिक विज्ञान लागू नहीं 25/50
कुल 125/300 150/400

परीक्षा ऑफलाइन होगी और सभी सवाल बहुविकल्पीय होंगे। जवाब OMR शीट पर देने होंगे। कक्षा 6वीं का पेपर 150 मिनट और कक्षा 9वीं का 180 मिनट का होगा। कक्षा 6वीं की परीक्षा 13 भाषाओं में, जबकि कक्षा 9वीं की परीक्षा केवल अंग्रेजी में होगी। गलत जवाब देने पर नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। सामान्य, OBC-NCL और डिफेंस कैटेगरी के उम्मीदवारों को 850 रुपये, जबकि SC/ST अभ्यर्थियों को 700 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

  • NTA की वेबसाइट exams.nta.nic.in/sainik-school-society पर जाएं।
  • AISSEE-2027 आवेदन लिंक खोलकर रजिस्ट्रेशन करें।
  • व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें।
  • फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे का निशान और जरूरी प्रमाणपत्र अपलोड करें।
  • आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट करें।
  • कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रखें।
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.