चंडीगढ़ | खेती के साथ मछली और झींगा पालन भी किसानों की आमदनी बढ़ाने का अच्छा जरिया बन रहा है। हालांकि, झींगा पालन में बिजली और जनरेटर पर होने वाला खर्च किसानों के लिए बड़ी चुनौती रहता है। अब हरियाणा सरकार ने इस खर्च को कम करने के लिए नई राहत दी है। बता दें कि हरियाणा में झींगा पालकों को सोलर सिस्टम लगवाने पर 60 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी।

इसके तहत अधिकतम 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिल सकेगी। सरकार ने सब्सिडी के लिए सोलर सिस्टम की क्षमता सीमा 10 किलोवाट से बढ़ाकर 30 किलोवाट कर दी है। पढ़ें विस्तार से यहां…
सोलर सिस्टम पर सब्सिडी
कृषि एवं किसान कल्याण और मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि झींगा पालकों की उत्पादन लागत घटाने के लिए यह फैसला लिया गया है। गहन मत्स्य विकास कार्यक्रम के तहत सफेद झींगा पालन के लिए 50 हजार रुपये प्रति किलोवाट की दर से परियोजना लागत तय की गई है। इस हिसाब से 30 किलोवाट के सोलर सिस्टम की कुल लागत 15 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
इस पर 60 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी, जो अधिकतम 9 लाख रुपये होगी। इससे बिजली बिल और जनरेटर पर होने वाला खर्च कम होगा। साथ ही झींगा पालकों का शुद्ध मुनाफा बढ़ने की उम्मीद है।
बनेंगे एकीकृत एक्वा पार्क
प्रदेश में आधुनिक तकनीक से मछली और झींगा पालन को बढ़ावा देने के लिए सिरसा और भिवानी में एकीकृत एक्वा पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। भिवानी में उत्कृष्टता केंद्र का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसके जून 2028 तक तैयार होने की संभावना है। वहीं, सिरसा के गांव पोहरका में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत एकीकृत एक्वा पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यहां किसानों और मत्स्य पालकों को आधुनिक पालन तकनीक का प्रशिक्षण, उन्नत किस्म के बीज और वैज्ञानिक मार्गदर्शन एक ही जगह उपलब्ध कराया जाएगा।