भिवानी | शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए दिसंबर का महीना अहम रहने वाला है। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब परीक्षा की तारीखों का इंतजार है। बोर्ड ने परीक्षा आयोजित कराने की तैयारी पूरी कर ली है। बता दें कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने HTET-2026 के आयोजन के लिए 26 और 27 दिसंबर की तारीखों का प्रस्ताव सरकार को भेजा है।

हालांकि, अभी परीक्षा की आधिकारिक तारीखों की घोषणा नहीं हुई है। बोर्ड चेयरमैन डॉ. शंकर धूपड़ के मुताबिक, परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी हैं और अब औपचारिक मंजूरी के बाद शेड्यूल जारी किया जाएगा।
दिसंबर में होगी परीक्षा
चेयरमैन ने बताया कि परीक्षा की तारीखें तय करके सरकार को प्रस्ताव भेज दिया गया है। प्रक्रिया पूरी होते ही परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को आधिकारिक सूचना के लिए इंतजार करना होगा। कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा का आयोजन हर साल किया जाना है।
रहें अपडेट
इससे पहले HTET-2025 की परीक्षा 4 और 5 जुलाई 2026 को आयोजित हुई थी। इसका परिणाम 22 अगस्त को घोषित किया गया था। इस साल की परीक्षा के लिए अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे अपनी तैयारी जारी रखें और बोर्ड की आधिकारिक घोषणा पर नजर बनाए रखें।