हांसी | राशन डिपो से हर महीने मिलने वाले गेहूं और तेल का इंतजार करने वाले परिवारों के लिए राहत की खबर है। हरियाणा के हांसी जिले में दिवाली के बाद नवंबर और दिसंबर का गेहूं एक साथ बांटना शुरू कर दिया गया है। हालांकि, तेल के वितरण को लेकर अभी इंतजार करना पड़ रहा है। बता दें कि डिपो पर फिलहाल अक्टूबर महीने का तेल दिया जा रहा है। पोर्टल पर भी तेल का आवंटन अक्टूबर तक ही दर्ज है। नवंबर का तेल वितरण शुरू नहीं हुआ है। वहीं, चीनी मिल रही है और पीओएस मशीनें भी ठीक काम कर रही हैं।

हांसी और नारनौंद क्षेत्र में कुल 3,42,927 उपभोक्ता राशन व्यवस्था से जुड़े हैं। दोनों क्षेत्रों में 91,504 पात्र राशन कार्ड होने के आंकड़े दिए गए हैं। अक्टूबर के तेल वितरण में दो सदस्यों तक आधा लीटर, तीन से छह सदस्यों पर एक लीटर और सात या अधिक सदस्यों पर डेढ़ लीटर तेल दिया जा रहा है।
गुलाबी कार्ड पर 70 किलो गेहूं
गुलाबी राशन कार्ड धारक परिवारों को नवंबर और दिसंबर के लिए 35-35 किलो के हिसाब से कुल 70 किलो गेहूं दिया जा रहा है। पीले कार्ड पर गेहूं की मात्रा परिवार के सदस्यों की संख्या के अनुसार तय होती है। पोर्टल पर नवंबर के लिए 5 और दिसंबर के लिए 4 किलो प्रति सदस्य गेहूं दर्ज होने की जानकारी है। पोर्टल के हिसाब से चार सदस्यों वाले पीले कार्ड परिवार को नवंबर में 20 और दिसंबर में 16 किलो, कुल 36 किलो गेहूं बनता है। वहीं, दिसंबर में भी 5 किलो प्रति सदस्य के हिसाब से वितरण होने पर यह मात्रा 40 किलो हो जाएगी।
गेहूं में हुई थी कटौती
अक्टूबर में बाजरा देने के लिए गेहूं के कोटे में कटौती की गई थी। कई परिवारों को न तो पूरा बाजरा मिला और न ही काटा गया गेहूं वापस मिला। कुछ उपभोक्ताओं को भागदौड़ के बाद बाकी गेहूं मिल पाया।