नई दिल्ली | परिवार में कमाने वाले व्यक्ति के निधन के बाद पेंशन का सहारा कई लोगों के लिए बेहद अहम होता है। लेकिन जब पेंशनर की मृत्यु के बाद पत्नी, बच्चे और दूसरे आश्रितों में एक से अधिक दावेदार हों, तो पेंशन किसे मिलेगी, इसे लेकर अक्सर असमंजस रहता है। बता दें कि केंद्र सरकार ने पारिवारिक पेंशन की पात्रता और अलग-अलग दावेदारों के अधिकार स्पष्ट करने के लिए कार्यालय ज्ञापन जारी किया है।

नियमों के अनुसार, जीवित वैध पति या पत्नी को पारिवारिक पेंशन में पहली प्राथमिकता मिलेगी। इसमें सेवानिवृत्ति के बाद विवाह करने वाला जीवनसाथी भी शामिल है, बशर्ते वह निर्धारित शर्तें पूरी करता हो।
जीवनसाथी को मिलेगी पेंशन
जीवनसाथी की मृत्यु या पेंशन बंद होने के बाद पात्र बच्चों को इसका लाभ मिल सकता है। इनमें गोद लिए और सौतेले बच्चे भी शामिल हैं। वैवाहिक विवाद की स्थिति में महिला सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी निर्धारित शर्तों के तहत अपने बच्चों को पेंशन के लिए नामित कर सकती है। न्यायिक अलगाव के मामले में पात्र बच्चों को अलग रह रहे जीवनसाथी से पहले पेंशन मिलेगी। बच्चों की पात्रता समाप्त होने के बाद ही जीवनसाथी का दावा बन सकता है। कुछ विशेष परिस्थितियों में दूसरी दिवंगत पत्नी, तलाकशुदा पत्नी या अमान्य विवाह से हुए पात्र बच्चों के लिए भी पेंशन का प्रावधान है।
3 श्रेणियों में तय होगी पात्रता
- 25 वर्ष तक के बच्चों को जन्म क्रम के अनुसार पेंशन मिलेगी। 25 वर्ष की उम्र पूरी होने, शादी होने या कमाई शुरू करने पर पात्रता समाप्त हो जाएगी।
- शारीरिक या मानसिक दिव्यांग बच्चों को पहली श्रेणी में पात्र बच्चे नहीं होने पर पेंशन मिल सकती है। उनकी शादी से पात्रता समाप्त नहीं होगी, लेकिन आजीविका कमाने पर लाभ बंद हो जाएगा।
- अविवाहित, विधवा और तलाकशुदा बेटियों को पहली और दूसरी श्रेणी में पात्र बच्चे नहीं होने पर पेंशन मिल सकती है। इसके लिए माता-पिता पर आश्रित होना और खुद आजीविका नहीं कमाना जरूरी है।
भाई-बहन भी दावेदार
नियमों के तहत पात्र माता-पिता को भी पारिवारिक पेंशन मिल सकती है। उनकी पात्रता समाप्त होने के बाद मानसिक या शारीरिक दिव्यांग आश्रित भाई-बहन पेंशन के हकदार हो सकते हैं।