गुरुग्राम में कचरा डालते ही नगर निगम को मिलेगा अलर्ट, बाजारों में लगेंगे स्मार्ट डस्टबिन

गुरुग्राम | शहर के बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर कचरे के ढेर लगना आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। कई बार डस्टबिन भरने के बाद भी समय पर कचरा नहीं उठता और गंदगी आसपास फैल जाती है। गुरुग्राम नगर निगम अब इस समस्या से निपटने के लिए नई तकनीक अपनाने की तैयारी कर रहा है। दरअसल, नगर निगम शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में सेंसर आधारित स्मार्ट डस्टबिन लगाने की योजना बना रहा है।

Sensor Dustbin

इन कूड़ेदानों में लगे सेंसर कचरे का स्तर लगातार जांचेंगे और निर्धारित सीमा तक भरने पर निगम को अलर्ट भेजेंगे। इसके बाद, सफाई टीम को कचरा उठाने के लिए भेजा जा सकेगा।

जमीन के नीचे जमा होगा कचरा

प्रस्तावित स्मार्ट डस्टबिन में भूमिगत हाइड्रोलिक स्टोरेज सिस्टम लगाया जाएगा। इससे कचरा जमीन के नीचे व्यवस्थित तरीके से जमा होगा और डस्टबिन के आसपास गंदगी फैलने की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

बाजारों में सामान्य डस्टबिन की भी कमी एक तरफ स्मार्ट डस्टबिन लगाने की तैयारी है, वहीं दूसरी तरफ कई बाजारों और रिहायशी इलाकों में सामान्य कूड़ेदान भी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं हैं। कई डस्टबिन टूटे हुए हैं। गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट पर रखी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बाहर भी लोग कचरा फेंक देते हैं। नियमित उठान नहीं होने से गंदगी फैलती रहती है।

36 वार्डों में सफाई की जिम्मेदारी

गुरुग्राम में 36 वार्ड और 6 जोन हैं। सफाई व्यवस्था के लिए 10 से अधिक एजेंसियां काम कर रही हैं। शहर में करीब 21 मार्केट सेक्टर हैं, जिनमें सदर बाजार जैसे प्रमुख बाजार भी शामिल हैं। यहां रोजाना बड़ी मात्रा में कचरा निकलता है।

नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज के अनुसार, स्मार्ट डस्टबिन के जरिए तकनीक का इस्तेमाल कर सार्वजनिक स्थलों की सफाई बेहतर बनाने और कचरा फैलने पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया जा रहा है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.