रोहतक | किसी अपने की जिंदगी बचाने के लिए परिवार किस हद तक जा सकता है, इसकी मिसाल हरियाणा के जींद में देखने को मिली है। यहां 41 वर्षीय राहुल पिछले 19 साल से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं। इस दौरान मां और पत्नी ने उन्हें अपनी किडनी दी और अब छोटे भाई ने आगे आकर उनकी जान बचाने की कोशिश की है। बता दें कि रोहतक पीजीआई में राहुल का तीसरी बार किडनी ट्रांसप्लांट किया गया है।

संस्थान के इतिहास में पहली बार किसी मरीज का तीसरा किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है। इससे पहले यहां अधिकतम दो बार ही किसी मरीज की किडनी बदली गई थी। राहुल को उनके छोटे भाई अजय ने किडनी दान की है।
मां ने सबसे पहले दी थी किडनी
राहुल की पत्नी नीलम के मुताबिक, वर्ष 2007 में दोनों की शादी हुई थी। उस समय राहुल की उम्र 22 साल थी। शादी के कुछ महीने बाद ही उनकी दोनों किडनियां खराब हो गईं। इसके बाद मां सोना देवी ने अपनी किडनी दान कर बेटे की जान बचाई। हालांकि, यह किडनी केवल 6-7 महीने ही चल पाई। इसके बाद राहुल को करीब दो साल तक डायलिसिस करवाना पड़ा। 2009 में पत्नी नीलम ने राहुल को अपनी किडनी दी। इसके बाद वे करीब 14 साल तक सामान्य जिंदगी जीते रहे। हालांकि, वर्ष 2024 में पत्नी की किडनी भी खराब हो गई और राहुल को दोबारा डायलिसिस पर निर्भर होना पड़ा।
छोटे भाई ने दिया नया जीवन
राहुल की तबीयत बिगड़ने पर छोटे भाई अजय ने किडनी दान करने का फैसला किया। बुधवार को पीजीआई रोहतक में सर्जन डॉ. विवेक ठाकुर और डॉ. गौरव पांडे ने करीब 6 घंटे तक सर्जरी की। फिलहाल राहुल और अजय दोनों डॉक्टरों की निगरानी में हैं। राहुल के पहले दो ट्रांसप्लांट मोहाली में हुए थे, जबकि तीसरी सर्जरी रोहतक पीजीआई में की गई।