चंडीगढ़ | हर परिवार का सपना होता है कि उसके पास अपना घर हो, जहां वह सुकून से रह सके। इसी जरूरत को देखते हुए हरियाणा सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवास योजनाओं का काम तेज करने जा रही है। सरकार ने पात्र परिवारों को प्लॉट और मकान देने के साथ बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी भी की है। बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 और मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरीदाबाद, रेवाड़ी, रोहतक, पानीपत समेत अन्य शहरों में पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का काम प्राथमिकता से पूरा किया जाए। पढ़ें यहां विस्तार से…
तय हुई डेडलाइन
| चरण | समय सीमा |
|---|---|
| पहला चरण | दिसंबर 2026 तक |
| दूसरा चरण | जून 2027 तक |
| तीसरा चरण | दिसंबर 2027 तक |
| चौथा चरण | 2028 में |
बता दें कि योजना के तीसरे चरण के लाभार्थियों को 25 दिसंबर को आवेदन पत्र वितरित किए जाएंगे। जिन गांवों में आवास निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन नहीं है, वहां भूमि की व्यवस्था करने को कहा गया है।
41 हजार से ज्यादा मकान तैयार
अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अब तक 41,302 मकान बन चुके हैं, जबकि 35,295 मकानों का निर्माण जारी है। लाभार्थियों को अब तक 725.08 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। सरकार ने अतिरिक्त 437 करोड़ रुपये की मांग भी भेजी है। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत निर्माणाधीन 7,492 मकानों को जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के पहले चरण में 2024-25 के दौरान 14 शहरों में 15,256 प्लॉट आवंटित किए गए हैं।
मिलेंगी बुनियादी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने आवासों में पेयजल, बिजली और 2 किलोवाट के सोलर पैनल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पात्रता की जांच, जमीन के स्वामित्व का सत्यापन और आर्थिक सहायता का भुगतान समय पर करने को कहा है। भुगतान में देरी रोकने के लिए जिला और शहरी निकाय अधिकारियों को वित्तीय शक्तियां देने की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी।