चरखी दादरी | शादियों में अलग- अलग परंपराओं और संस्कृतियों की झलक अक्सर देखने को मिलती है, लेकिन चरखी दादरी में हो रही एक शादी इन दिनों खास चर्चा में है। यहां फ्रांस से दूल्हा अपनी बारात लेकर पहुंचा है और भारतीय परंपराओं के अनुसार शादी करने जा रहा है। बता दें कि चरखी दादरी के महेंद्रगढ़ रोड स्थित दादरी पोर्टा हवेली में शहर की अंशु और फ्रांस निवासी फाउजी विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं।

अंशु पूर्णनगर निवासी राजेश कुमार और राजरानी की बेटी हैं, जबकि फाउजी के पिता पैट्रिक फर्डिनेंड और मां नादिया फर्डिनेंड फ्रांस के निवासी हैं। फाउजी भी वहां पढ़ाई कर रहे थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद दोनों साइप्रस में ही नौकरी कर रहे हैं।
ऐसे हुई मुलाकात
अंशु ने स्कूली शिक्षा चरखी दादरी से पूरी की। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए साइप्रस गईं, जहां उन्होंने बिजनेस एंड फाइनेंस की पढ़ाई की। इसी दौरान उनकी मुलाकात फाउजी से हुई। शादी की रस्में 18 नवंबर को हल्दी और मेहंदी के साथ शुरू हुईं। 19 नवंबर को चाक-भात और महिला संगीत का आयोजन किया गया। इस दौरान परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के साथ शादी की खुशियां मनाईं। दादी रामपति देवी ने भी रिश्तेदारों और आमंत्रितों को विवाह का निमंत्रण दिया है।
वैदिक मंत्रों के बीच होंगे 7 फेरे
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार शाम 6:15 बजे बारात का स्वागत होगा। इसके बाद, 7:15 बजे विवाह की रस्में शुरू होंगी। फाउजी भारतीय रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंशु के साथ सात फेरे लेंगे। इसके बाद प्रीतिभोज और डोली की रस्म होगी। विदेशी दूल्हा भारतीय संस्कृति और परंपराओं से प्रभावित होकर पूरे वैदिक विधि-विधान से विवाह कर रहा है। इस शादी में फ्रांस और भारत के दो परिवारों के साथ आने के साथ दोनों संस्कृतियों की खूबसूरत झलक भी देखने को मिल रही है।