नई दिल्ली | शादी-बारात हो या फिर परिवार के साथ तीर्थयात्रा, जब बड़ी संख्या में लोगों को एक साथ ट्रेन से सफर करना होता है तो टिकट बुकिंग की चिंता भी बढ़ जाती है। ऐसे यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत दी है। अब बड़े ग्रुप की टिकट बुकिंग के लिए बर्थ की तय अधिकतम सीमा नहीं रहेगी। बता दें कि दक्षिण पश्चिम रेलवे (South Western Railway) ने बल्क और ग्रुप रिजर्वेशन के नियमों में बदलाव किया है।

नए नियमों के तहत, चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर (CRS) और स्टेशन मैनेजर (SM) को ग्रुप बुकिंग मंजूर करने का अधिकार दिया गया है। हालांकि, आवेदन की जांच के बाद ही अनुमति मिलेगी। आइए जानते हैं विस्तार से यहां…
ग्रुप बुकिंग की सुविधा
नई व्यवस्था के तहत ट्रेन की सभी क्लास में ग्रुप रिजर्वेशन कराया जा सकेगा। इसमें कन्फर्म, RAC और वेटिंग लिस्ट वाले टिकट भी शामिल हैं। इस सुविधा का लाभ शादी में जाने वाले परिवारों, तीर्थयात्रियों, स्कूल-कॉलेज के छात्रों, खेल टीमों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले समूहों को मिल सकता है। ग्रुप बुकिंग के लिए दक्षिण पश्चिम रेलवे के प्रमुख रिजर्वेशन सेंटर पर सुबह 9 बजे से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदक को संबंधित रेलवे अधिकारी के पास सीधे फॉर्म जमा करना होगा। सामान्य तौर पर ट्रैवल एजेंट के माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। विदेशी पर्यटकों और NRI के लिए निर्धारित अपवाद लागू रहेंगे।
यात्रियों की पूरी जानकारी
आवेदन के साथ यात्रा का उद्देश्य बताना जरूरी होगा। इसके अलावा सभी यात्रियों के नाम, उम्र, जेंडर, पता और यात्रा का कारण देना होगा। अधूरी जानकारी या स्पष्ट उद्देश्य नहीं होने पर आवेदन खारिज हो सकता है। अधिकारी मंजूर बुकिंग का रिकॉर्ड रखेंगे और यात्रियों की सूची के प्रत्येक पन्ने पर हस्ताक्षर व मुहर लगाएंगे। वापसी यात्रा के लिए भी उसी रिजर्वेशन ऑफिस में आवेदन किया जा सकता है, लेकिन इसे अलग बुकिंग माना जाएगा।
लागू नहीं हुए नियम
ध्यान रहे कि यह बदलाव फिलहाल दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन के तहत लागू किए गए हैं। इन्हें पूरे भारतीय रेलवे के लिए लागू नियम न समझें। ग्रुप टिकट बुक कराने से पहले संबंधित स्टेशन या रिजर्वेशन ऑफिस से जानकारी जरूर लें।