चंडीगढ़ | हर महीने मिलने वाले 2100 रुपये का इंतजार कर रही हरियाणा की लाखों महिलाओं के लिए जरूरी खबर है। अगर आपके मोबाइल पर लाडो लक्ष्मी योजना से जुड़ा कोई मैसेज आया है, तो उसे नजरअंदाज न करें। जन्मतिथि का सत्यापन पूरा नहीं होने के कारण कई महिलाओं की किस्त अटकी हुई है। बता दें कि प्रदेश में करीब 2 लाख महिलाओं की डेट ऑफ बर्थ का सत्यापन नहीं हो पाया है।

हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण और क्रीड विभाग की टीमें इस काम में जुटी हैं। स्टेट को-ऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने महिलाओं से अपील की है कि वे मैसेज मिलने पर जन्मतिथि के प्रमाणित दस्तावेज जल्द ऑनलाइन अपलोड करें।
मिल रहे 2100 रुपये
लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 10 लाख 59 हजार महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने सीधे 2100 रुपये भेजे जा रहे हैं। वहीं, 25 सितंबर को सरकार ने योजना की वार्षिक आय सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये कर दी थी। इससे लाभार्थियों की संख्या बढ़कर करीब 23 लाख होने की उम्मीद है।
सत्यापन के बाद मिलेगी ID
डॉ. खोला के अनुसार, आवेदन से पहले महिलाओं को परिवार पहचान पत्र (PPP) में जन्मतिथि, बैंक खाते और परिवार की सालाना आय की जानकारी जांच लेनी चाहिए। दूसरे चरण के आवेदनों में यह भी देखा जाएगा कि महिला किसी अन्य पेंशन योजना का लाभ तो नहीं ले रही है। दूसरे राज्यों में नौकरी करने वाली महिलाओं की भी जांच होगी। दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र महिलाओं को पेंशन ID जारी की जाएगी। आवेदन में गलती मिलने पर पोर्टल के जरिए सूचना दी जाएगी। योजना के लिए महिला की उम्र 23 से 60 साल के बीच होना जरूरी है।
महिलाएं meraparivar.haryana.gov.in पर फैमिली ID और OTP के जरिए लॉगिन करके संबंधित सदस्य के दस्तावेज अपलोड कर सकती हैं। इसके बाद प्रमाणित दस्तावेज लेकर ADC या SDM कार्यालय में सत्यापन करवाना होगा।
ये दस्तावेज मान्य
- जन्म प्रमाण पत्र
- 10वीं की मार्कशीट
- पासपोर्ट
- स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट
- वर्ष 2019 तक का वोटर कार्ड