हांसी | गड्ढों से भरी सड़क, बारिश में जलभराव और बीच रास्ते में वाहनों के फंसने से सफर मुश्किल हो जाता है। हांसी-बरवाला रोड पर चलने वाले लोग लंबे समय से ऐसी परेशानियां झेल रहे हैं। अब इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। बता दें कि नेशनल हाईवे-148बी पर सड़क निर्माण का काम शुरू हो गया है। फिलहाल, मार्ग पर मार्किंग की जा रही है।

इस परियोजना के तहत सड़क किनारे बसे गांवों में हाईवे को फोरलेन बनाया जाएगा, जबकि गांवों के बाहर सड़क की चौड़ाई 10 मीटर रखी जाएगी। निर्माण योजना में सड़क चौड़ी करने के साथ पानी की निकासी पर भी ध्यान दिया गया है।
साथ बनेंगे नाले
गांवों के भीतर फोरलेन सड़क बनाई जाएगी और जलभराव रोकने के लिए नालों का निर्माण होगा। इससे बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। पंजाब और राजस्थान को जोड़ने वाला यह मार्ग लंबे समय से खराब हालत के कारण परेशानी का सबब बना हुआ था। सड़क पर गहरे गड्ढों की वजह से कई बार बड़े वाहन फंस जाते थे, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग जाता था। दोपहिया वाहन चालकों को भी जोखिम उठाकर सफर करना पड़ता था। बारिश में हालात और खराब हो जाते थे।
डेढ़ साल में पूरा होगा कार्य
विभाग की ओर से इस परियोजना के लिए करीब 96 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था, जबकि काम करीब 50 करोड़ रुपये में आवंटित हुआ है। ठेकेदार को निर्माण कार्य डेढ़ साल में पूरा करना होगा। अब स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की नजरें निर्माण की गुणवत्ता और तय समयसीमा पर रहेंगी। काम पूरा होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन पहले से सुगम होने की उम्मीद है।