सोनीपत की अंशु धनखड़ ने BIMSTEC चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, 15.17 मीटर फेंका गोला

सोनीपत | हरियाणा की बेटियां खेल के मैदान में लगातार अपनी पहचान बना रही हैं। खासकर एथलेटिक्स में प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश का नाम रोशन कर रहा है। इसी कड़ी में सोनीपत की अंशु धनखड़ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर एक बार फिर अपनी प्रतिभा साबित की है। बता दें कि भुवनेश्वर में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में खुबडू गांव की अंशु धनखड़ ने महिला शॉटपुट स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया।

Anshu Dhankhar Sonipat

उन्होंने 15.17 मीटर गोला फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारत की रिया वर्मा 14.59 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे और बांग्लादेश की सुल्ताना जाकिया 12.64 मीटर के प्रदर्शन के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

बना चुकी हैं कई रिकॉर्ड

अंशु ने 39वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 16.85 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण पदक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। 19वीं यूथ नेशनल चैंपियनशिप में 16.14 मीटर के प्रदर्शन से मीट रिकॉर्ड कायम किया। इसके अलावा 67वें नेशनल स्कूल गेम्स और अंडर-18 नेशनल जूनियर चैंपियनशिप में भी गोल्ड जीता। 32वीं, 33वीं और 34वीं नॉर्थ जोन चैंपियनशिप में भी वह लगातार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप

अंशु अमेरिका के ओरेगन में आयोजित अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। वहां उन्होंने विश्व रैंकिंग में 13वां स्थान हासिल किया था। फिलहाल वह चंडीगढ़ के एमसीएम डीएवी महिला कॉलेज में पढ़ाई कर रही हैं। अंशु के पिता वीरेंद्र धनखड़ ने उन्हें 2017 में खेलना शुरू कराया और शुरुआती प्रशिक्षण भी दिया। वह देश के स्टार पैरा एथलीट हैं। अभ्यास के दौरान अंशु 150 किलोग्राम की बेंच प्रेस और करीब 250 किलोग्राम की स्क्वाट लगाती हैं। अब उनका लक्ष्य बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में देश के लिए पदक जीतना है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.