जींद । शराब के नशे में धुत एक युवक ने यह कहकर दूसरे युवक को गोली मार दी की आजमाते हैं तुम्हारी किस्मत कैसी है. बता दें कि मंगलवार की रात 11:00 बजे हुई इस वारदात में घायल युवक को इलाज के लिए बरवाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया. नरवाना शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी.
नशे में धुत शराबी युवक ने दूसरे युवक को मारी गोली
नरवाना थाना पुलिस को दिए बयान में गांव इस्लामपुर निवासी गुरमेल ने कहा कि वह नरवाना की नई बस्ती में रहता है और अशोका जमुनादास की खाद बीज की दुकान पर काम करता है. मंगलवार रात को वह मेला ग्राउंड मंडी के पास सुंदरपुरा चौक पर स्थित दुकान पर गया. दुकान के ऊपर दफ्तर में हरदीप, कृष्ण चोपड़ा, दीपू अंकित, सचिन, जगदीपउर्फ रघु शराब पी रहे थे , वह भी उनके साथ बैठ गया. तकरीबन रात के 11:30 बजे उन्होंने टोल प्लाजा के विटा बूथ से दूध लाने के लिए कहा. इसके बाद जगदीश उर्फ जगी की गाड़ी में सचिन और जग्गू के साथ वह दूध लेने चला गया. जब वह दूध लेने के बाद वापस आ रहा था , सचिन ने कहा कि उसे मजा चखाते हैं, सचिन ने कहा कि आज आजमाते हैं तेरी किस्मत कैसी है. उसने यह कहकर कंधे में गोली मार दी. जो कंधे से शरीर में घुस गई.
इसके बाद उसे अनाज मंडी गेट पर दफ्तर के पास छोड़कर हरदीप, कृष्ण चोपड़ा को उसकी हालत के बारे में बता कर वहां से चले गए. गोली लगने के बाद वह बेहोश हो गया. प्रदीप और कृष्ण उसको इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर गए. ज्यादा हालत खराब होने की वजह से बरवाला के निजी अस्पताल में लाया गया. वहीं शहर थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह के अनुसार घायल गुरमेल के बयान पर गांव ढक्कन निवासी जगदीप , सचिन के खिलाफ हत्या का प्रयास व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया.
